पूर्वांचल प्रहरी क्राइम रिपोर्टर

गुवाहाटीः देशभर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस का नया वैरियंट ओमिक्रोन को लेकर अब असम सरकार ने भी अपनी कमर कस ली है। जहां कर्नाटक, दिल्ली जैसे राज्यों में ओमिक्रोन के मरीजों की संख्या गुजरते समय के साथ बढ़ती जा रही है, उसी बीच अब असम सरकार भी इसको लेकर हर प्रकार की सावधानियां बरतने में लगी है। इसी के तहत ओमिक्रोन को लेकर गौहाटी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच) में 200 बिस्तरों का आईसीयू तैयार किया गया है। इस संदर्भ में जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ.अभिजीत शर्मा ने बताया कि देशभर में तेजी से ओमिक्रोन का संक्रमण बढ़ता जा रहा है और असम को भी इसके लिए तैयार रहना अति आवश्यक है। फिलहाल जीएमसीएच में इसके लिए विशेष तौर पर 200 बिस्तरों का आईसीयू तैयार रखा गया है। इसी के साथ-साथ नगर के सरुसजाई स्टेडियम के अस्थायी अस्पताल को पुनः संचालित किया जाएगा, जिसमें उचित मात्रा में बिस्तर तैयार किए जाएंगे। इस बीच उन्होंने पिकनिक व शादी-समारोह में न जाने की सलाह दी तथा लगातार मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग करते रहने की बात कही।