नई दिल्ली : देश में रविवार को ओमिक्रोन के एक साथ 18 केस मिले हैं। इनमें राजस्थान में सबसे ज्यादा 9 मरीज हैं। यहां एक परिवार के 4 सदस्य हाल में दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। उनके संपर्क में आए 5 और लोगों में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। इससे पहले पुणे में एक और इससे सटे जिले पिंपरी चिंचवाड़ में 7 लोगों में नया वैरिएंट मिला था। दिल्ली में भी एक मरीज इससे संक्रमित मिला है। इसके साथ ही देश में इस वैरिएंट के 5 राज्यों में 22 केस हो गए हैं। राजस्थान के संक्रमित मिले परिवार के 4 सदस्य 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दुबई और मुंबई होते हुए जयपुर पहुंचे थे। यहां इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह परिवार राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) में भर्ती है। इनमें माता-पिता के साथ दो बच्चे शामिल है। दुबई और मुंबई में भी इस परिवार की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद ये जयपुर पहुंचे और 28 नवंबर को जयपुर में सिटी पैलेस में एक शादी-समारोह में शामिल हुए। इसी दौरान आदर्श नगर के एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की गई, तो पता चला कि दक्षिण अफ्रीका से लौटा परिवार भी मिलने आया था। इस परिवार के सैंपल लिए तो एक दिसंबर को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ट्रैवल हिस्ट्री से पूरे मामले का पता चला। इससे पहले महाराष्ट्र में रविवार को ही ओमिक्रोन के 8 नए मामले मिले। पिंपरी चिंचवाड़ जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 7 लोगों के सैंपल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इसमें कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई। इन सभी को क्वारेंटाइन कर दिया गया है।

डिस्टि्रक्ट हेल्थ ऑफिसर भगवान पवार ने बताया कि पुणे के आलंदी में एक शख्स ओमिक्रोन से संक्रमित हुआ है। पिंपरी चिंचवाड़ में ओमिक्रोन से संक्रमित मिले 7 लोगों में से 4 अभी विदेश से लौटे थे। इन सभी का टेस्ट कराया गया था, जिसमें ये पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद इनके संपर्क में आने वाले 3 अन्य का भी टेस्ट कराया गया था। ये तीनों भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट रविवार को आई है। इस रिपोर्ट में इन सभी को ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित बताया गया है। दिल्ली में भी ओमिक्रोन के पहले केस का पता चला है। एलएनजेपी अस्पताल के एमडी सुरेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती ओमिक्रोन मरीज के गले में सूजन, थकान और शरीर में दर्द के लक्षण दिख रहे हैं। संक्रमित ने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए थे, इसलिए उस पर हल्के लक्षण ही नजर आ रहे हैं।  गुजरातः तीसरा केस गुजरात के जामनगर शहर में मिला है। ओमिक्रोन से संक्रमित मिला शख्स 28 नवंबर को जिम्बाब्वे से जामनगर आया था। महाराष्ट्र: भारत में ओमिक्रोन का चौथा केस शनिवार को महाराष्ट्र में मिला। मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली का रहने वाला यह शख्स साउथ अफ्रीका से लौटा था। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर बढ़ती चिंता के बीच इंटरनेशनल पैसेंजर्स के लिए नई गाइडलाइन आज से लागू कर दी गई है। केंद्र ने 28 से 30 नवंबर के बीच ये गाइडलाइंस जारी की थीं। इसमें बताया गया है कि एट रिस्क देशों से आने वाले पैसेंजर्स को आरटीपीसीआर टेस्ट कराना जरूरी होगा। पैसेंजर्स को रिजल्ट आने तक एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना होगा। सभी एयरपोर्ट्स पर अतिरिक्त आरटी पीसीआर फैसिलिटी की व्यवस्था की जाएगी।