अमरीका द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद भारतीय अर्थ-व्यवस्था पर दबाव पड़ना निश्चित है। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए भारत सरकार निर्यातकों को राहत देने तथा जीएसटी में बदलाव कर उसकी भरपाई करने में लगी हुई है। सरकार निर्यातकों के लिए नए बाजार खोजने में भी जुटी हुई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें आम लोगों तथा मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए जीएसटी में बदलाव किया गया है। पहले जीएसटी को चार स्लैब में बांटा गया था, ङ्क्षकतु अब दो स्लैब को खत्म कर केवल 5 एवं 18 प्रतिशत को ही बरकरार रखा गया है। 12 एवं 28 प्रतिशत के स्लैब को खत्म कर दिया गया है। तंबाकु एवं विलासिता की वस्तुओं पर 40 प्रतिशत टैक्स लगाकर एक नया स्लैब बनाया गया है। आम आदमी और मध्यम वर्ग द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाली वस्तुओं पर अधिकतम पांच प्रतिशत कर लगाया गया है। जीएसटी का नया स्लैब 22 सितंबर से लागू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसे आम जनता के लिए दुर्गापूजा एवं दिवाली का तोहफा बताया है। सरकार ने हेयर ऑयल, टॉयलेट सॉप, शैंपू, टूथ ब्रश, टूथ पेस्ट, साइकिल, टेबल वेयर, किचेन वेयर एवं घरेलु सामानों पर जीएसटी पांच प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है। इसी तरह दूध, पनीर, सभी भारतीय रोटियों, पराठा, जीवन रक्षक दवा, व्यक्तिगत जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के प्रीमियम पर जीएसटी खत्म कर दिया गया है। नमकीन, सॉस, पाश्ता, नूडल्स, इंस्टेंट, चॉकलेट, कॉफी, संरक्षित मांस, कॉर्न फ्लेक्स, मक्खन, घी पर पांच प्रतिशत कर लगाया गया है। ड्राई फ्रूट्स, अचार, शुगर, शुगर क्यूूब्स पर 5 प्रतिशत जीएसटी होगा। किसानों तथा कृृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को राहत देते हुए सरकार ने ट्रैक्टर टायर एवं उसके कल-पुर्जों पर कर घटाकर 18 प्रतिशत से 5 प्रतिशत कर दिया है। ट्रैक्टर, बायोपेप्सीसाइट, ड्रीप इरीगेशन सिस्टम, कृृषि, बागवानी से संबंधित मशीनों आदि पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। ऑटो मोबाइल से संबंधित वस्तुओं जैसे पेट्रोल, पेट्रोल हाइब्रिड, एलपीजी, सीएनजी कार जो 1200 सीसी के अंदर होगा उस पर कर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह डिजल, हाइब्रिड कार जो 1500 सीसी के भीतर है, तिपहिया वाहनों, 350 सीसी तक के मोटरसाइकिलों, सामान ढोने वाले मोटर वाहनों पर भी कर घटाकर 28 से 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं जैसे एयर कंडीशनर, टेलीविजन, मॉनिटर, प्रोजेक्टर, वॉङ्क्षशग मशीन पर भी कर घटाकर 28 से 18 प्रतिशत कर दिया गया है। शिक्षा को आसान बनाने के लिए नक्शा, चार्ट, ग्लोब, पेंसिल शार्पनर, क्रेयन, एक्सरसाइज बुक, नोटबुक तथा रेजर से जीएसटी खत्म कर दिया गया है। सरकार को उम्मीद है कि कुछ आवश्यक वस्तुओं से जीएसटी हटाने या कम करने से आम जनता को राहत मिलेगी।