पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : केंद्र सरकार ने ओमिक्रोन के खिलाफ लड़ाई को तेज करने के प्रयास में राज्य सरकारों को नए दिशा-निर्देश जारी किया। पहली दिसंबर की रात 12 बजे से इसे लागू किया जाएगा। राज्यों को बेहतर टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने के अलावा सक्रिय नियंत्रण और निगरानी उपाय करने का निर्देश दिया गया है। निर्देश में उल्लेख किया गया है कि सभी देशों को जहां नया संक्रमण मिला है, उन्हें जोखिम वाले देशों के रूप में वर्गीकृत किया जाना चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अमरीका, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बत्सोवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बावे, सिंगापुर, हंगकांग और इजरायल को ओमिक्रोन के खतरे वाले देश के रूप में सूचीबद्ध किया है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को निर्देश दिया कि उक्त देशों से भारत आने वाले यात्रियों के संबंध में उचित अनुवर्ती कार्रवाई की जानी चाहिए। केंद्र ने राज्य सरकारों से गहन नियंत्रण,सक्रिय निगरानी, टीकाकरण का बढ़ा हुआ कवरेज और कोविड-उपयुक्त व्यवहार लागू करने को कहा है। अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के माध्यम से आने वाले यात्रियों का यात्रा इतिहास प्राप्त करने के लिए पहले से ही एक मौजूदा रिपोर्टिंग तंत्र मौजूद है, लेकिन ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए इस तरह के यात्रा विवरण की एक बार फिर राज्य स्तर पर समीक्षा की जानी चाहिए। निर्देश में उल्लेख किया गया है कि इसके खतरे से सूचीबद्ध देशों से आने वाले सभी विमान यात्रियों को भारत के हवाईअड्डे में उतरने के बाद तत्काल कोविड परीक्षण करना अपरिहार्य होगा। विदेश में विमान में चढ़ने से लेकर भारत में विमान से उतरने तक 72 घंटे के दौरान यात्रियों के पास कोविड निगेटिव प्रमाणपत्र होने पर भी उनका कोविड परीक्षण करना अपरिहार्य होगा। उक्त देशों से आने वाले यात्रियों को परीक्षण में कोविड निगेटिव पाए जाने पर भी उन्हें सात दिनों तक होम आइसोलेशन में रहना होगा। सात दिनों के बाद उनका फिर से कोविड परीक्षण किया जाएगा। कोविड पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें इंस्टीट्यूशनेल आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जाएगा। तालिका के बाहर के देशों से भारत आनेवाले यात्रियों के 5 प्रतिशत का कोविड परीक्षण किया जाएगा।