गुवाहाटी: बीती रात और सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण गुवाहाटी शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से तरुण नगर, अनिल नगर और नवीन नगर जैसे रिहायशी क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज बारिश के चलते नालों का पानी सड़कों पर आ गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और कई वाहन जलमग्न हो गए। स्कूल और कार्यालय जाने वालों को सुबह भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुस जाने की भी खबरें सामने आई हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर जल निकासी व्यवस्था की लचर तैयारी को लेकर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि हर साल मानसून से पहले प्रशासन दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही होती है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल निकासी कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक और बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और खराब होने सकती है।