पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर गुवाहाटी: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई)ने अपनी परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलावों की घोषणा की है। अब सीए फाइनल परीक्षाएं भी साल में तीन बार आयोजित की जाएंगी, जिससे छात्रों को उत्तीर्ण होने के अधिक अवसर मिलेंगे। यह आईसीएआई की 26वीं परिषद की ओर से वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ तालमेल बिठाने और छात्रों को अधिक अवसर प्रदान करने के लिए उठाया गया यह एक मजबूत कदम के रूप में साबित होगा। पिछले साल आईसीएआई ने इंटरमीडिएट और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षाएं साल में दो बार की जगह साल में तीन बार आयोजित करने का निर्णय लिया था। सीए फाइनल परीक्षा साल में तीन बार आयोजित करना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इससे पहले यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती थी। अब, इस निर्णय के बाद तीनों स्तरों- सीए फाइनल, इंटरमीडिएट और फाउंडेशन में हर साल समान संख्या में प्रयास होंगे,जिससे छात्रों को परीक्षा में बैठने के अधिक अवसर मिलेंगे। ये परीक्षाएं हर साल जनवरी, मई और सितंबर के महीने में आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, सूचना प्रणाली लेखा परीक्षा में डिप्लोमा के लिए आईसीएआई के पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स में भी बदलाव किया जाएगा। इससे पहले जून और दिसंबर में साल में दो बार आयोजित होने वाले इस कोर्स के लिए मूल्यांकन परीक्षा अब फरवरी, जून और अक्तूबर के महीने में साल में तीन बार आयोजित की जाएगी, जिससे सदस्यों के लिए पहुंच और सुविधा और बढ़ जाएगी। आईसीएआई के अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा ने कहा कि 10 लाख से ज्यादा छात्रों और 4 लाख सदस्यों के साथ, आज आईसीएआई दुनिया की सबसे बड़ी पेशेवर अकाउंटेंसी संस्था है। इन युगांतकारी फैसलों से छात्रों और सदस्यों दोनों को काफी फायदा होगा, जिससे उन्हें सफलता के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह कदम हमारे भावी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को समर्थन और मार्गदर्शन देने के तरीके में एक नए युग का प्रतीक है। आईसीएआई अपने सदस्यों और छात्रों के विकास के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है। आईसीएआई की गुवाहाटी शाखा की अध्यक्ष सीए रागिनी गोयल ने बताया कि आईसीएआई पूर्वोत्तर क्षेत्र के छात्रों को सीए कोर्स के लिए फीस में 75 प्रतिशत छूट प्रदान कर आ रहा है। छात्रों को कोर्स में नामांकन के लिए यह छूट 31 मार्च 2028 तक बढ़ा दी गई है। असम में कहीं भी इस तरह के काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने में रुचि रखने वाला कोई भी स्कूल, कॉलेज या शैक्षणिक संस्थान guwahati@icai.org पर लिख सकता है। आईसीएआई की गुवाहाटी शाखा की अध्यक्ष सीए रागिनी गोयल ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
अब सीए की फाइनल परीक्षा साल में होगी तीन बार