पूर्वाचल प्रहरी जिला संवाददाता नगांव : विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा आज नगांव पहुंचे। सबसे पहले वे जिले के पुरानी गोदाम में 3 करोड़ रुपए की लागत से बनी नवनिर्मित बापूजी भवन और पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका, काजीरंगा से लोकसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, बरहमपुर के विधायक जीतू गोस्वामी, रूपक शर्मा और दीपलुरंजन शर्मा शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पुरानी गोदाम के बापूजी भवन एवं पुस्तकालय के लिए भी एक करोड़ रुपए का अनुदान दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि पंचायत चुनाव की अधिसूचना कुछ ही दिनों में जारी कर दी जाएगी। सांसद गौरव गोगोई की ओर से प्रधानमंत्री को अपेक्स बैंक भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर लिखे गए पत्र पर मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया में पोर्टल के संवाददाता दिलवर हुसैन पर तंज करते हुए कहा कि हमारे सांसद दिलवर और महबुबूल के पीछे भाग रहे हैं ,जबकि सांसदों को हमेशा उनसे आगे रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहू से पहले बिहू समितियों को सरकार के तरफ से दिए जाने वाला अनुदान मिल जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री कामपुर के लिए रवाना हो गए और वहां तकरीबन चार कार्यक्रमों में भाग लिया। पहले मुख्यमंत्री ने शहर से नोनोई गांव के बारहगयां समाज मंदिर में उपस्थित हुए और वहां स्थानीय लोगों से बातचीत करने के बाद कामपुर रेलवे गेट पर बनी ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया और कामपुर कपिली नदी के ऊपर बने नवनिर्मित पुल का श्रीगणेश करने के साथ ही पुरानी कपिली नदी के फुटब्रिज का भी उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने हाथी पर सवार होकर रेलवे फ्लाईओवर और कपिली पुल का उद्घाटन किया। 18 दिसंबर 1984 को रिलीज हुई असमिया फिल्म काका देउता नाती और हाती के एक गाने में मोइना की भूमिका निभाने वाले मुख्यमंत्री ने करीब 41 साल बाद कपिली नदी पर बने पुराने पुल पर पुरानी यादें ताजा कीं। मुख्यमंत्री ने फिल्म के दृश्य की तरह हाथी की पीठ पर सवार होकर कपिली नदी पर बने पुल पर सैर किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने गोलीबारी के उन दिनों की एक भयावह याद भी ताजा की। मुख्यमंत्री ने कामपुर,कचुवा पुलिस स्टेशन भवनों की आधारशिला भी रखी। इसके बाद कामपूर के तरुण फिल्ड में आयोजित एक जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने संबोधित किया। महिलाओं को शीघ्र ही 10,000 रुपये जारी करने का वादा किया और कामपुर के लोगों को कामपुर डेड शुगर फैक्ट्री में एक उद्योग स्थापित करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अप्रैल से बिजली दरों में 1 रुपए प्रति यूनिट की कमी की घोषणा की।
सीएम ने नगांव में बापूजी भवन व पुस्तकालय का किया उद्घाटन