पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को दुधनई में राभा हासोंग स्वायत्त परिषद के चुनाव अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐतिहासिक ग्वालपाड़ा जिले को विदेशियों को सौंपना चाहती है। इसके विपरीत हम भाजपाई हमेशा से ग्वालपाड़ा को भारतीय जनजातीय लोगों के लिए आरक्षित रखना चाहते हैं। गौरतलब है कि राभा हासोंग क्षेत्र में समान विकास और समान अधिकार के उद्देश्य से एक जोरदार चुनाव अभियान चल रहा है। राभा हसोंग संयुक्त संग्राम समिति,भारतीय जनता पार्टी और असम गण परिषद गठबंधन ने शनिवार को दुधनई सार्वजनिक मैदान में एक विशाल चुनाव अभियान का आयोजन किया। उल्लेखनीय है कि पहली बार राभा हासोंग संयुक्त मंच और भाजपा मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव को लेकर सभी जातीय समूहों के लोगों में काफी उत्साह है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के राज्य अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राभा हासोंग के प्रमुख टंकेश्वर राभा के नेतृत्व में चुनाव का नतीजा आशाजनक होगा। तीन उम्मीदवार पहले ही जीत चुके हैं और शेष 33 सीटें गठबंधन के उम्मीदवार जीतेंगे। ग्वालपाड़ा जिले के लोगों के लिए कई समस्याएं हैं। बहुत से लोग बाहर से आए हैं और उन्होंने इस जिले पर कब्जा कर लिया है। जिले के मूल निवासियों और भूमिपुत्रों के अधिकार छीन लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शहीदों के सम्मान में ग्वालपाड़ा जिले के प्रथम शहीद निधानुराम राजवंशी की स्मृति में ग्वालपाड़ा सिविल अस्पताल का नाम रखा है। इसके अलावा ग्वालपाड़ा जिले में एक मेडिकल कॉलेज का काम भी इसी साल शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी एकजुट हो जाएं तो दुश्मन को आसानी से हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चुनाव में भाजपा संयुक्त संग्राम समिति के प्रत्याशी को 100 में से 100 अंक देकर पास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि असम में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से राभा हासोंग क्षेत्र में गोलीबारी की कोई घटना नहीं हुई है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ग्वालपाड़ा जिले को विदेशियों के हाथों में सौंपना चाहती है, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम ग्वालपाड़ा को विदेशी मुक्त करेंगे। उन्होंने कहा, अगर मैं मुख्यमंत्री बनकर जमीन पर कब्जा करने जाऊंगा तो पुलिस मुझे भी गिरफ्तार कर लेगी। भाजपा हमेशा से ग्वालपाड़ा जिले को भारतीयों, असमियों और आदिवासियों के लिए आरक्षित करना चाहती है और हम ऐसा कर रहे हैं। सीएम ने यह भी कहा कि कांग्रेस को राभा हसोंग में वोट मांगने के बजाय बांग्लादेश जाकर वोट मांगना चाहिए। उन्होंने गांवों में सूअर पालने का सुझाव दिया ताकि बाहर के लोग गांव वालों की जमीन पर कब्जा न कर सकें।