पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : शुक्रवार को भारत के पूर्वोत्तर से सटे म्यामां सहित कई दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में विनाशकारी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 11.50 बजे से शाम 6.47 बजे तक मात्र सात घंटों में 11 छोटे-बड़े भूकंप महसूस किए गए। इनमें  से दो भूकंप रिक्टर पैमाने पर 7 या उससे अधिक तीव्रता वाले थे। इन दोनों भूकंपों का केंद्र पड़ोसी राज्य मणिपुर से सटे म्यामां में था। कुल 11 भूकंपों में से आठ का केंद्र म्यामां में, जबकि दो पड़ोसी राज्य मणिपुर और मेघालय के दक्षिण गारो हिल्स जिले में थे। पड़ोसी देश म्यामां में आए भूकंप का झटका पूर्वोत्तर में भी महसूस किया गया। गौरतलब है कि जनवरी से अब तक लगभग तीन महीनों में असम सहित पूर्वोत्तर में 20 भूकंप  आ चुके हैं। हालांकि, भूकंप से म्यामां, थाईलैंड और अन्य देशों में संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा, लेकिन असम सहित पूर्वोत्तर में भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पहला भूकंप शुक्रवार को भारतीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई तथा इसका केंद्र म्यांमार से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके मात्र 22 मिनट बाद दूसरा भूकंप भारतीय समयानुसार दोपहर 12:02 बजे आया। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई तथा इसका केंद्र म्यांमार में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके बाद शाम 6.47 बजे तक बड़े और छोटे मिलाकर कुल 11 भूकंप आए। तीन भूकंपों के केन्द्र पूर्वोत्तर के मणिपुर और मेघालय में थे और इनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.7 से 4.3 के बीच मापी गई जिसके कारम असम सहित पूर्वोत्तर क्षेत्र में इससे बहुत कम क्षति हुई।