पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी: असम विधानसभा में सोमवार को वित्त मंत्री अजंता नेउग ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2.63 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। यह बजट असम के बहुमुखी विकास की झलक है, जिसमें असम सरकार ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष तथा सांसद दलीप सैकिया ने आज पेश बजट का स्वागत किया और अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वित्तमंत्री द्वारा असम के भविष्य का दर्पण दिखाया है कि भाजपा सरकार आम लोगों के हितों के लिए निकट भविष्य में क्या करने जा रही है। यह पूरी तरह से असम के लिए विकासमुखी बजट है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सैकिया ने कहा कि यह बजट तीव्र विकास और समावेशी विकास के लिए साहसिक मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचाने वाली कई कल्याणकारी पहल करने के लिए मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बजट को जन केंद्रित और जन कल्याणमुखी बताया, जो आम लोगों की सेवा करने की भाजपा की मूल विचारधारा के अनुरूप है। सैकिया ने पिछले एक दशक में असम की तीव्र आर्थिक वृद्धि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि असम का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 2015-16 में 2,27,959 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में 6,43,667 करोड़ हो गया है। इस अवधि के दौरान प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जो 2015-16 में 60,817 से बढ़कर 2024-25 में 1,54,222 हो गई। सैकिया ने बजट में प्रमुख कल्याणकारी उपायों के बारे में विस्तार से बताते हुए महिला सशक्तिकरण योजना, उत्पादक गतिविधियों का समर्थन करने के लिए स्वयं सहायता समूहों के 32 लाख सदस्यों को वित्तीय सहायता, निजुत मोइना योजना, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छात्राओं की संख्या दोगुनी हो गई। मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा योजना 2025 से स्नातक करने वाले छात्रों को एक वर्ष के लिए 2500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों का प्रांतीयकरण, 2006 से पहले स्थापित संस्थानों का सरकारीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना 37.2 लाख महिलाओं को शामिल करने का प्रस्ताव है। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में वृद्धि करने का प्रस्ताव, चाय बागान कल्याण 6.8 लाख चाय बागान श्रमिकों को 5000 रुपए की एकमुश्त वित्तीय सहायता, सांस्कृतिक संस्थानों के लिए सहायता के रूप में 25000 नामघरों को वित्तीय सहायता, रचनात्मक 1000 प्रतिभाशाली लेखकों को प्रत्येक को 25,000 रुपए, असम माला परियोजना के तहत हर जिले में 25 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा, दरंग में एक मेडिकल कॉलेज और कार्बी आंगलोंग में एक कृषि कॉलेज की स्थापना, भूमि सर्वेक्षण, चर क्षेत्रों में भूमि सर्वेक्षण करने, सांस्कृतिक संरक्षण, अजान फकीर के जाकिर और जरी गीतों का स्थानीय भाषाओं में अनुवाद करने का प्रसात्व से राज्य का विकास और गित के साथ बढेगा। सैकिया ने इस बात पर ज़ोर दिया कि ये पहल असम की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान देंगी, जिससे राज्य देश के अग्रणी क्षेत्रों में से एक बन जाएगा। सामान्य विकास के अलावा बजट में स्वायत्त परिषद क्षेत्रों के लिए पर्याप्तआवंटन शामिल हैं। बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद को 1,143 करोड़, कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद को 621 करोड़, उत्तर कछार हिल्स स्वायत्त परिषद को 306 करोड़, बजट में किसानों व महिलाओं और युवाओं के कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नागरिकों पर कोई अतिरिक्त कर लगाए बिना 1,55,428.75 करोड़ का बजट असम के बुनियादी ढांचे के विकास और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को प्रभावी ढंग से बढ़ावा देगा। उन्होंने 2015-16 में न्यूनतम पूंजीगत व्यय के लिए पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की, जिसने असम के विकास में बाधा डाली।
वित्त मंत्री ने पेश किया विकासमुखी बजट : सैकिया
