पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई खतरे में पड़ सकती है। एसआईटी जांचकर्ता एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई के पाकिस्तानी नागरिक अली तकी शेख के साथ संबंधों की जानकारी लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री निगरानी प्रकोष्ठ की पुलिस अधीक्षक रोजी कलिता के नेतृत्व में असम पुलिस की 4 सदस्यीय टीम सांसद गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान संबंध की जांच के लिए दिल्ली पहुंच चुकी है। असम सरकार के मंत्रिमंडल ने सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई के खिलाफ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक नागरिक के साथ संबंध रखने और भारत की आंतरिक सुरक्षा को खतरा पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए थे। सांसद की पत्नी एलिजाबेथ पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के नेतृत्व वाली एक अंतर्राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन अनुसंधान संस्था लीव नामक स्वयंसेवी संस्था के लिए काम करती थीं। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने अली तौकीर शेख पर लीव की स्थापना में आईएसआई से संबंध होने का भी गंभीर आरोप लगाया था। 16 फरवरी को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में सांसद की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख, जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करते हैं, के बीच संबंधों की जांच करने का फैसला किया गया था। मंत्रिमंडल ने यह भी आरोप लगाया था कि अली तौकीर शेख और ब्रिटिश नागरिक एलिजाबेथ गोगोई, जलवायु एवं विकास ज्ञान नेटवर्क (सीडीकेएन) नामक एक पर्यावरण समूह की ओर से भारत और पाकिस्तान में मिलकर काम कर रहे थे। कैबिनेट के फैसले के बाद असम पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने मामला संख्या 5/2015 के तहत जांच के लिए सीआईडी के एसडीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया। एसआईटी के अन्य सदस्यों में सहायक महानिरीक्षक प्रणवज्योति गोस्वामी, एसपी रोजी कलिता और एडीसीपी मैत्रेयी गोस्वामी शामिल थे। हालांकि, सीआईडी ने भारतीय न्याय संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गौरव गोगोई या उनकी पत्नी को सीधे तौर पर आरोपी नहीं बनाया, लेकिन अली तौकीर शेख और अन्य का नाम लिया। बहरहाल, यह खबर खास मायने रखती है कि सांसद की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच संबंधों की जानकारी लेने के लिए एसआईटी की टीम अब दिल्ली में डटी हुई है। जांच अधिकारी के एक सूत्र ने बताया कि वे नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के साथ-साथ भारत में पाकिस्तानी उच्चायोग से भी एलिजाबेथ कोलाबर्न गोगोई और अली तौकीर शेख के बारे में जानकारी एकत्र करेंगे। यह भारत में सीडीकेएन द्वारा किए गए कार्यों के बारे में केंद्र सरकार के संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी मांगेगा।
गौरव की पत्नी के पाकिस्तान लिंक की तलाश में असम पुलिस दिल्ली में