पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली कैबिनेट का फिर विस्तार होगा। विधायक भवेश कलिता को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। कलिता के शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ लेने की उम्मीद है। कैबिनेट में कलिता को शामिल करने के साथ ही दफ्तरों में फेरबदल की भी संभावना है। भवेश कलिता को राजस्व एवं सिंचाई विभाग दिए जाने की संभावना है। वर्तमान में भवेश कलिता हाउस फेड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने सर्वानंद सोनोवाल मंत्रिमंडल में स्वतंत्र राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था। उन्हें सिंचाई, शिक्षा और राजस्व विभाग का दायित्वभार सौंपे गए थेे। कलिता रंगिया विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए भाजपा का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक हैं। वे 15 जनवरी तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में कलिता का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भाजपा नेतृत्व ने सांसद दिलीप सैकिया को यह जिम्मेदारी सौंपी। कुछ दिन पहले हिमंत विश्व शर्मा के मंत्रिमंडल में प्रशांत फुकन, कृष्णेंदु पाल, रूपेश ग्वाला और कौशिक राय शामिल हुए थे। भवेश कलिता के शनिवार को मंत्री पद की शपथ लेने की उम्मीद है। अगर भवेश कलिता को हिमंत बिस्वा कैबिनेट में शामिल किया जाता है तो यह हिमंत विश्व कैबिनेट का आखिरी विस्तार होगा। उल्लेखनीय है कि सीएम ने गुरुवार सुबह भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। हालांकि, मुख्यमंत्री शर्मा ने मंत्रिमंडल विस्तार से इनकार किया है। पत्रकारों के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने असम मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में कभी नहीं सुना। विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की कोई संभावना नहीं है।
राज्य मंत्रिमंडल का होगा विस्तार
