पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार की फाइल दिखाकर धमकाने के बाद सीएम विजिलेंस ने पूर्व मंत्री और वर्तमान धुबड़ी लोकसभा सांसद रकिबुल हुसैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का फाइल खोलकर मामले की जांच शुरु कर दी। 2010-11 में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरुण गोगोई के कार्यकाल में जब रकिबुल हुसैन राज्य के पर्यटन विभाग के मंत्री थे, तब विभाग में बहुत बड़ा भर्ती घोटाला हुआ था। सीएम विजिलेंस ने वंचित अभ्यर्थी राजू कुटुम की शिकायत पर भर्ती घोटाले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कार्यकाल के दौरान रकिबुल हुसैन राज्य में पर्यटन मंत्री थे। 2010-11 में उन पर राज्य पर्यटन विभाग में 11 सहायक पर्यटन एवं सूचना अधिकारियों की अवैध भर्ती के आरोप लगे थे। वंचित अभ्यर्थियों ने अवैध भर्ती का आरोप लगाते हुए कोर्ट में अपील की थी। मामला अदालत में लंबित था। वंचित अभ्यर्थियों ने हाल ही में न्यायालय से मामला वापस ले लिया था। इसी बीच पूर्व मंत्री एवं वर्तमान धुबड़ी सांसद रकिबुल हुसैन की ओर से मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार की फाइलों से धमकाया जाने के बाद सीएम विजिलेंस ने राज्य पर्यटन विभाग में भर्ती घोटाले की फाइल खोलकर जांच शुरू कर दी जिसे लेकर लोगों में काफी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सीएम विजिलेंस उचित सबूत खोजने के लिए अभियान चला रही है। सीएम विजिलेंस उन अफसरों को तलब करेगी जिनकी नियुक्ति उसी समय हुई थी। जांच प्रक्रिया में सारी जानकारी मिलने पर आरोपी को निकट भविष्य में गिरफ्तार किये जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री की फाइल दिखाकर धमकाने के बाद विजिलेंस ने खोली रकिबुल की फाइल
