नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए कहा कि सर्वेक्षणकर्ताओं ने ऐतिहासिक  रूप से उसके प्रदर्शन को कम करके आंका है, जबकि भाजपा ने इन पूर्वानुमानों को लोगों की बदलाव की इच्छा का प्रतीक बताया। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार शाम छह बजे मतदान संपन्न होने के बाद अधिकांश एक्जिट पोल ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि एक्जिट पोल में हमेशा से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी को कमतर आंका गया है, लेकिन वास्तविक नतीजों में पार्टी को इन अनुमानों से कई गुना अधिक लाभ होता है। गुप्ता ने कहा कि आप किसी भी एक्जिट पोल को देख लीजिए - चाहे 2013, 2015 या 2020 के एक्जिट पोल हों- आप को हमेशा कम सीट मिलती दिखाई गईं। लेकिन असल नतीजों में उसे ज्यादा सीट मिलीं।  उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के लोगों ने आप को बड़ी संख्या में वोट दिया है और पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है तथा केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। चुनाव नतीजे शनिवार को घोषित किए जाएंगे।