वॉशिंगटन : अमरीका में बिना किसी वैध कागजात के दाखिल होने वाले भारतीयों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। अमरीका के एक मिलिट्री प्लेन के जरिए 205 अवैध प्रवासियों को भारत भेजा जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने के लिए सेना की मदद ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि सी-17 विमान प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हो चुका है। जानकारी के मुताबिक, 18000 से ज्यादा भारतीय अवैध तरीके से अमरीका में रह रहे हैं। ऐसे भारतीयों का या तो वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है या ये लोग अवैध तरीके     से यूएस में दाखिल हुए हैं। पेंटागन ने जानकारी दी है कि एल पासो, टेक्सास और सैन डिएगो, कैलिफोर्निया से 5,000 से अधिक प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए उड़ानें भरी गई हैं। अब तक सैन्य विमानों के जरिए ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास में प्रवासियों को भेजा गया है। ट्रंप ने पिछले महीने संवाददाताओं से कहा था कि इतिहास में पहली बार हम अवैध विदेशियों का पता लगाकर उन्हें सैन्य विमानों से उनके देश भेज रहे हैं। अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर भारत ने अमरीकी प्रशासन की मदद करने की बात कही है। हाल ही में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि इस मामले पर भारत अमेरिका की मदद करने के लिए तैयार है।