पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने देश की राजझानी के उत्तम नगर और करोल बाग विधानसभा क्षेत्रों में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। देश की राजधानी में खराब सड़क ढांचे पर दुख जताते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि इन दोनों क्षेत्रों से अन्य स्थानों पर यात्रा करना बहुत खतरनाक है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी की सड़कों की तुलना इस क्षेत्र की सड़कों से करना हास्यास्पद है। डॉ. शर्मा ने खराब सड़कों, वायु प्रदूषण, शराब घोटाले और अस्पतालों के खराब बुनियादी ढांचे और कानून व्यवस्था सहित हर क्षेत्र में विफलताओं के लिए दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। डॉ. शर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी आलोचना की और कहा कि उन्होंने जेल में रहते हुए भी रिमोट कंट्रोल की राजनीति कर लोगों को धोखा दिया था। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का हवाला देते हुए केजरीवाल को मुख्यमंत्री के सभी अधिकारों से हटाने की भी मांग की। उन्होंने केजरीवाल के विवादास्पद आवास शीश महल के बारे में भी व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। डॉ. शर्मा ने हरियाणा में यमुना के पानी को जहरीला करने के अरविंद केजरीवाल के दावों पर सवाल उठाए और खेद जताया कि कोई भी व्यक्ति अपने जन्मस्थान पर आरोप लगाने और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस तरह के निराधार आरोप कैसे लगा सकता है। उन्होंने असम सहित सभी राज्यों में भाजपा के सुशासन के ट्रैक रिकॉर्ड पर प्रकाश डाला और लोगों से इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार चुनने का आग्रह किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास सुनिश्चित करने और राजधानी शहर के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।