पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : गुवाहाटी शहर अब एक फ्लाईओवर शहर बन गया है। पूर्वोत्तर के प्रवेशद्वार गुवाहाटी शहर में यातायात की सुविधा के लिए राज्य सरकार द्वारा एक के बाद एक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। शहर का लोक निर्माण विभाग जहां डाउनटाउन और आमबाड़ी-नूनमाटी इलाके में दो फ्लाईओवर के निर्माण कर रहा है वहीं शहर के जीएस रोड पर छह माइल फ्लाईओवर को ध्वस्त करने की योजना बना रहा है। 70-80 करोड़ रुपए की लागत से बना यह पुल उद्घाटन के बाद महज 15 साल में पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने साफ कर दिया है कि किसी जानलेवा हादसे के डर से फ्लाईओवर की मरम्मत संभव नहीं है। विभाग के एक सूत्र ने बताया कि इंजीनियर की रिपोर्ट मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग अब फ्लाईओवर को गिराकर नया फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रहा है। उल्लेखनीय है कि 2021 से छह माइल फ्लाईओवर की मरम्मत का काम चल रहा है। फ्लाईओवर के कई खंभे नीचे दब जाने के कारण वे वाहनों का भार उठाने में असमर्थ हैं। लोक निर्माण विभाग ने फ्लाईओवर की मरम्मत के लिए धुबड़ी के विनोद सिंह के स्वामित्व वाले गौतम कंस्ट्रक्शन को मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपए का भुगतान किया। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में 6-7 बार मरम्मत किए जाने के बावजूद फ्लाईओवर यातायात योग्य नहीं बना। फ्लाईओवर फिलहाल एक तरफ से यातायात के लिए बंद है। हालांकि, निर्माण में तकनीकी खामियों के कारण अब लोक निर्माण विभाग द्वारा फ्लाईओवर को ध्वस्त करने की योजना बनाई गई है। उल्लेखनीय है कि दिवंगत मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने 2005 में सिक्स माइल फ्लाईओवर और भांगागढ़ फ्लाईओवर के निर्माण की घोषणा की थी। दोनों फ्लाईओवर के निर्माण का ठेका सिमप्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को दिया गया था। उस समय सिक्स माइल फ्लाईओवर के निर्माण की लागत 50 करोड़ रुपए और भांगगढ़ फ्लाईओवर की निर्माण लागत 40 करोड़ रुपए निर्धारित की गई थी। निर्माण कार्य पूरा करने की समय सीमा 2007 में तय की गई थी। हालांकि सिक्स माइल फ्लाईओवर को 2009 में जनता की सेवा में समॢपत किया गया। इस दौरान दोनों फ्लाईओवर के निर्माण की लागत 90 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 114 करोड़ रुपए कर दी गई थी। आखिरकार 2021 से जर्जर हालत में पड़े इस फ्लाईओवर को खतरनाक घोषित करने के लिए लोक निर्माण विभाग को मजबूर होना पड़ा। मरम्मत के नाम पर लंबे समय से बंद पड़ा रहने के बाद अब लोक निर्माण विभाग ने आखिरकार इस फ्लाईओवर को गिराने का फैसला कर लिया है। विभागीय शीर्ष सूत्रों के अनुसार दिसपुर भाजपा नेता की निर्माण कंपनी गौतम कंस्ट्रक्शन, जो वर्तमान में इसके मरम्मत का काम संभाल रही है, को इसके निर्माण का ठेका देने पर विचार कर रहा है। हालांकि अगर तकनीकी खराबी के कारण निर्माण के 15 वर्ष के भीतर ही सिक्स माइल फ्लाईओवर को ध्वस्त करना पड़ा इसके लिए राज्य सरकार पूर्व ठेकेदार सिमप्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को जवाबदेह ठहराएगी या नहीं यह समय ही बताएगा।
गुवाहाटी के छह माइल में पुराने को तोड़कर नया फ्लाईओवर बनाने की योजना
