पेड़-पौधों को शाम के समय नहीं छूना चाहिए, फूल-पत्ती नहीं तोड़नी चाहिए। ऐसी कई बातें हम बचपन से सुनते आए हैं और यह भी सभी ने सुना होगा कि पेड़-पौधों में भी जान होती है, चूंकि वो भी इंसानों की तरह सांस लेते हैं। दरअसल,ऐसा एक पेड़ है जिसे काटने पर उसमें से लाल रंग का पदार्थ निकलने लगता है और कई बार इसे देखने पर आप चौंक भी सकते हैं या हो सकता है डर भी जाएं। यह पेड़ दक्षिण अफ्रीका में पाया जाता है जो बेहद ही खास और अनोखा है। दक्षिण अफ्रीका के अलावा यह अनोखा पेड़ मोजाम्बिक, नामीबिया, तंजानिया और जिम्बाब्वे जैसे देशों में भी पाया जाता है। इस पेड़ को लोग ‘ब्लडवुड ट्री’ के नाम से जानते हैं। इसके अलावा इसे किआट मुकवा, मुनिंगा नाम से भी जाना जाता है। वहीं इसका वैज्ञानिक नाम ‘सेरोकारपस एंगोलेनसिस’ है। इसके काटने पर निकलने वाला लाल रंग का पदार्थ भले ही आपको डराने वाला हो, लेकिन यह जानकर भी हैरान होंगे कि इसका उपयोग दवाई के रूप में किया जाता है। इससे पेट की समस्या, मलेरिया और गंभीर चोटों को भी ठीक की जाती हैं। इसके अलावा यह पेड़ खून संबंधी बीमारियों को ठीक करता है। ऐसे में लोग इस पेड़ को जादुई पेड़ भी कहते हैं।