पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में बहुचर्चित पंचायत चुनाव कब होंगे इस पर कई अटकलें लगाई जा रही है। पंचायत चुनाव का मामला पहले ही हाईकोर्ट पहुंच चुका है और इस वजह से इसका समय निर्धारित करना मुश्किल हो गया था। हालांकि, मुख्यमंत्री ने पहले घोषणा की थी कि पंचायत चुनाव हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद ही होंगे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एक स्पष्ट घोषणा की कि राज्य में पंचायत चुनाव की अधिसूचना आगामी उच्चतर माध्यमिक परीक्षाएं समाप्त होने के अगले दिन जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मोरीगांव में कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पंचायत चुनाव के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा इस साल पंचायत चुनाव में पंचायत अध्यक्ष और वार्ड सदस्य के पदों पर चुनाव नहीं लड़ेगी। महात्मा गांधी के सपनों का सच्चा पंचायती राज लागू करने के लिए पंचायत अध्यक्ष और सदस्य के पदों पर गैर-राजनीतिक और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, शिक्षक या क्षेत्र के अच्छे चरित्र वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनावों का पुरजोर विरोध करती है।
उच्चतर माध्यमिक की परीक्षा पूरी होने के अगले दिन की जाएगी पंचायत चुनाव की घोषणा : सीएम