पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : अमरीका में प्रसिद्ध न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने विश्व के 52 पर्यटन स्थलों में असम को चौथे स्थान पर रखा है। अंतर्राष्ट्रीय समाचार पत्र ने दुनिया के 52 पर्यटन स्थलों की सूची प्रकाशित की है। उक्त सूची में असम को पर्यटन के मामले में दुनिया में चौथा स्थान दिया गया है। हाल ही में यूनेस्को ने अहोम इतिहास से समृद्ध चराइदेव मैदाम को विश्व के सबसे नए पर्यटन स्थल के रूप में विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दी थी। न्यूयॉर्क टाइम्स ने भारत के एक कोने में स्थित प्राचीन समाधिस्थल चराइदेव मैदाम के विश्व धरोहर स्थल को एक पर्यटन स्थल के रूप में वर्णित किया है। इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय अखबार ने कहा कि असम म्यामां और बांग्लादेश की सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य है। इसे लंबे समय से पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है। यह क्षेत्र दुर्गम, सांस्कृतिक रूप से विशिष्ट और अपेक्षाकृत भीड़-रहित है और अब इसे कई अंतर्राष्ट्रीय मान्यताएं प्राप्त हो चुकी हैं। असम के पिरामिडों के स्थल के रूप में मशहूर चराइदेव मैदाम को 2024 में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित किया गया था। इस प्राचीन समाधिस्थल का निर्माण 13वीं और 19वीं शताब्दी के बीच अहोम राजवंश के शासन दौरान किया गया था। यह शाही विरासत और आध्यात्मिक अस्तित्व की एक अनूठी पहचान रखता है। पर्यटक असम में विश्व प्रसिद्ध चाय बागानों और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का भी दौरा कर सकते हैं जहां एक सींग वाला गैंडा पाया जाता है। बुनियादी ढांचे के विकास और नई सड़कों ने पर्यटन स्थलों तक पहुंचना आसान बना दिया है। राज्य के प्रमुख शहर गुवाहाटी के लिए उड़ानें भी उपलब्ध हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे अंतर्राष्ट्रीय समाचार पत्रों ने असम में पर्यटन पर ऐसी सकारात्मक समीक्षा प्रकाशित कर राज्य में पर्यटन क्षेत्र के लिए बहुत उम्मीद जगाई है।
विश्व पर्यटन मानचित्र में असम चौथे स्थान पर