पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए बृहस्पतिवार को असम लोक सेवा आयोग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के नतीजे जारी कर दिए। लोक सेवा आयोग महज 8 माह के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित करने में सफल रहा। इस साल मार्च में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित करने के बाद 26 जुलाई से मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद 12 नवंबर से 28 नवंबर तक मौखिक परीक्षा आयोजित की गई थी। आयोग ने कुल 235 चयनित उम्मीदवारों में से एसीएस के 45, एपीएस के 35, असम लेखा सेवा के 107, निरीक्षण लेखा परीक्षक के लिए 11, कर अधीक्षक के लिए एक, आबकारी अधीक्षक के लिए एक, असम वित्त सेवा के लिए 13, क्षेत्रीय विकास अधिकारियों के लिए 6, सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार के लिए 6, कर निरीक्षक के लिए 6, श्रम निरीक्षक के लिए 6, एक सहायक रोजगार अधिकारी और एक डिप्टी रजिस्ट्रार के पद के लिए सरकार को नियुक्ति की मंजूरी दे दी। गौरतलब है कि यह पहली बार है कि इस परीक्षा में मोरान और मटक समुदायों के लिए पद आरक्षित किए गए हैं। इस साल यूनाइटेड सर्विसेज में 236 पदों के लिए हुई परीक्षा में चिरंजीव फुकन ने 872 अंकों के साथ टॉप किया। एसीएस पद पर चयनित चिरंजीव फुकन एनआईटी सिलचर से प्रथम श्रेणी में बी टेक हैं। गौरतलब है कि एपीएससी परीक्षा में राज्य में कुल 67,251 उम्मीदवार बैठे थे जिनमें से शीर्ष 10 स्थानों में से 7 पर महिला उम्मीदवार हैं। आयोग द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स तथा राजनीति विभाग की स्नातकोत्तर छात्रा एनिशा बुढ़ागोहाई ने 823 अंकों के साथ महिला उम्मीदवारों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया। जेआरएफ शोधकर्ता और जेएनयू, दिल्ली से स्नातकोत्तर हिमाद्रि जीता बोरा ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर मृगाक्षी बरुवा ने चौथा स्थान हासिल किया। पांचवां स्थान बजाली के मुगुरिया के टुटुुमणि काकती को मिला। शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वाली अन्य उम्मीदवारों में ग्वालपाड़ा की मृदुस्मिता राय, बंगाईगांव की मैरी कलिता, श्रीभूमि की दीक्षा सरकार, लखीमपुर की नीलम गर्ग और पश्चिम कार्बी आंग्लांग जिले की अंकिता छेत्री शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर,असम पुलिस सेवा या एपीएस में पार्थप्रतिम शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने रेंगनी चैनल पर मन जेतुकार रंग शीर्षक धारावाहिक में भी अभिनय किया था। इस वर्ष की परीक्षा में नगांव के करैयनी हेंगुली चौक के दो भाई-बहनों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाई जिंटू बोरा 21वें और बहन मंजुश्री बोरा 25वें स्थान पर चयनित हुईं। इस वर्ष 27 अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा में बैठे और उत्तीर्ण हुए। वहीं दूसरी ओर, एक भाग्यशाली उम्मीदवार पांच बार एपीएससी परीक्षा में बैठने के बाद चयनित हो गए। इसके विपरीत पहले 4 बार एपीएससी परीक्षा में बैठ चुके 8 उम्मीदवार, पहले 3 बार एपीएससी परीक्षा में बैठ चुके 31 उम्मीदवार, पहले 2 बार एपीएससी परीक्षा में बैठ चुके 85 उम्मीदवार, और पहले 1 बार एपीएससी परीक्षा में बैठ चुके 83 उम्मीदवारों ने स्थान सुरक्षित कर लिया है।
असम लोक सेवा आयोग-2023 के परीक्षा परिणाम घोषित