मुंबई : महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस को नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और वह आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार समेत दो उपमुख्यमंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। अभी तक इस बात पर कोई स्पष्टता नहीं है कि निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नए मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे या नहीं। फडणवीस ने कहा कि उन्होंने शिंदे से सरकार में शामिल होने का अनुरोध किया है, जबकि शिंदे ने कहा कि बुधवार को बाद में मीडिया को इस बारे में जानकारी दी जाएगी। बुधवार को फडणवीस को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। विधान भवन में आयोजित विधायक दल की बैठक में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रूपाणी ने घोषणा की कि फडणवीस (54) को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। बैठक में भाजपा की केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राज्य और केंद्र में डबल इंजन सरकार विकास को बढ़ावा देगी। फडणवीस ने उन पर भरोसा जताने के लिए भाजपा विधायकों को धन्यवाद दिया और कहा कि 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की भारी जीत प्रधानमंत्री मोदी के एक हैं तो सेफ हैं मंत्र के कारण हुई। विधान भवन में हुई बैठक में राज्य भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल ने विधायक दल के नेता के रूप में फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। विधायक दल की बैठक से पहले यहां हुई राज्य भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शीर्ष पद के लिए फडणवीस के नाम को अंतिम रूप दिया गया। फडणवीस ने राजभवन में पत्रकारों से कहा कि मैंने कल एकनाथ शिंदे से मुलाकात की और उन्हें बताया कि शिवसेना और महायुति दोनों की इच्छा है कि वह इस सरकार में हमारे साथ रहें। मुझे पूरा भरोसा है कि वह हमारे साथ रहेंगे। शिंदे स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए ठाणे गए हुए थे, जिससे महायुति गठबंधन में आंतरिक कलह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, वह मंगलवार को मुंबई लौट आए। बुधवार को राजभवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जब एक पत्रकार ने शिंदे से पूछा कि क्या वह और अजित पवार आजाद मैदान में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, तो शिंदे ने जवाब दिया कि शाम तक इंतजार करते हैं। शिंदे ने जवाब दिया कि शाम तक इंतजार करते हैं। शपथ समारोह कल है। अजित पवार ने बीच में चुटकी लेते हुए कहा कि इनका तो शाम तक पता चलेगा।
महाराष्ट्र : फडणवीस आज लेंगे सीएम पद की शपथ