पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में माघ बिहू तक आलू-प्याज की कीमत में कमी की संभावना नहीं है। आलू और प्याज सहित दैनिक आवश्यकताओं की बढ़ती कीमतों के बीच असम जाने वाले आलू और प्याज से लदे सैकड़ों ट्रक असम-पश्चिम बंगाल सीमा पर श्रीरामपुर में फंसे हुए हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू और प्याज से भरे ट्रकों के असम में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। पश्चिम बंगाल में आलू और प्याज की कृत्रिम कमी के कारण बंगाल में उत्पादित आलू की अन्य राज्यों में तस्करी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए ममता बनर्जी की सरकार ने असम में प्रवेश करने वाले ट्रकों को बंगाल सीमा पर रोक दिया है। गौरतलब है कि असम में आलू मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आयात किया जाता है। हाल ही में खुदरा बाजार में आलू की कीमत बढ़ने के बाद बंगाल सरकार ने राज्य में उत्पादित आलू की निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि,बंगाल के कुछ व्यापारी अधिक मुनाफा कमाने की उम्मीद में असम, बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में आलू की तस्करी कर रहे हैं। इसलिए बंगाल से आलू लदा कोई भी ट्रक विदेश नहीं जा सके, इसे सुनिश्चित करने के लिए बंगाल पुलिस सीमा पर हर सड़क पर ट्रकों के कागजात की जांच करने के बाद ही उन्हें जाने देती है। ममता बनर्जी सरकार ने गुरुवार से श्रीरामपुर बंगाल सीमा पर आलू और प्याज से भरे एक भी ट्रक को असम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी है। बंगाल सरकार द्वारा आलू-प्याज ट्रकों को रोक लेने के कारण गुवाहाटी के फैंसी बाजार के साथ दिसपुर में भी काफी तनाव है।
पश्चिम बंगाल ने आलू-प्याज लदे ट्रकों को असम में प्रवेश पर लगाया रोक