नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र्र मोदी छह दिसंबर को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने को प्रदर्शित करने वाले उत्सव ‘अष्टलक्ष्मी महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे। सिंधिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के जीवंत कपड़ा उद्योग,शिल्प और अद्वितीय भौगोलिक संकेतक (जीआई) उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए एक अभूतपूर्व मंच प्रदान करेगा। पूर्वोत्तर के आठ राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम को अक्सर ‘अष्टलक्ष्मी’ या समृद्धि के आठ रूपों के रूप में जाना जाता है। वे भारत के सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मामलों के मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह आयोजन पूर्वोत्तर के कारीगरों और खरीदारों के बीच दीर्घकालिक व्यापार संबंधों को बढ़ावा देगा और इस दौरान बड़ी मात्रा में ऑन-स्पॉट बिक्री और कई थोक ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, निवेशक सरकार के प्रतिनिधियों और उद्यमियों के साथ मिलकर कपड़ा, हस्तशिल्प, कृषि और पर्यटन में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। एक अधिकारी ने कहा कि एक विशेष फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें पारंपरिक वस्त्रों के साथ समकालीन डिजाइन के मिश्रण को रेखांकित किया जाएगा। इसमें मूंगा रेशम गाउन और एरी रेशम स्टॉल का प्रदर्शन किया जाएगा।
पीएम 6 दिसंबर को ‘अष्टलक्ष्मी महोत्सव’ का करेंगे उद्घाटन