पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : हाईस्कूल शिक्षांत परीक्षा को लेकर तरह-तरह की अटकलों पर विराम लगाते हुए आखिरकार असम राज्य स्कूल शिक्षा परिषद ने 2025 वर्ष की मैट्रिक परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। असम माध्यमिक शिक्षा परिषद और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा संसद के विलय के बाद पहली बार असम राज्य स्कूल शिक्षा परिषद के तहत 2025 वर्ष की मैट्रिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। राज्य स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा प्रकाशित परीक्षा सूची के अनुसार हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा (एचएसएलसी) 15 फरवरी से शुरू होगी और 3 मार्च को समाप्त होगी। 15 फरवरी की सुबह अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित किया जाएगा। एक दिन के अवकाश के बाद 17 फरवरी को मातृभाषा व वैकल्पिक अंग्रेजी विषय की परीक्षाएं होगी। 21 फरवरी को सामान्य गणित, 24 फरवरी को सामान्य विज्ञान, 27 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 1 मार्च में हिंदी और 3 मार्च को अंतिम दिन गणित, भूगोल, इतिहास, संस्कृत, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य, अरबी, नेपाली और गृह विज्ञान के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी ओर मैट्रिक की प्रैक्टिकल परीक्षा 21 और 22 जनवरी को होगी। परिषद के परीक्षा नियंत्रक नयनज्योति शर्मा ने कहा कि इस बार की प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्रों के बजाय संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएगी। स्कूलों को परिषद के मॉडल प्रश्न पत्रों के अनुसार व्यावहारिक परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र तैयार करना होगा। इस साल मैट्रिक परीक्षा में कुल 4,30,000 परीक्षार्थी बैठेंगे। 2024 की तुलना में अभ्यर्थियों की संख्या में करीब 8 हजार की बढ़ोतरी हुई है। वहीं दूसरी ओर पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षा केंद्रों की संख्या में भी 31 की वृद्धि हुई है। गौरतलब है कि इस साल की परीक्षा छात्रों के लिए थोड़ी कठिन होगी। क्योंकि अभ्यर्थियों को विषयनिष्ठ और वस्तुनिष्ठ दोनों प्रश्न पत्रों में उत्तीर्ण होने के लिए निर्धारित अंक प्राप्त करने होंगे।