पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : जहां देश की राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है वहीं असम के निवासी साफ हवा में सांस ले रहे हैं। मंगलवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग (सीपीसी) के रिपोर्ट के अनुसार असम का नगांव देश के प्रदूषण मुक्त शहरों की सूची में दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा गुवाहाटी भी देश के प्रदूषण मुक्त शहरों की सूची में पांचवें स्थान पर है। गौरतलब है कि मिजोरम की राजधानी आइजोल प्रदूषण मुक्त शहरों के मामले में देश में शीर्ष स्थान पर है। आइजोल के बाद असम का नगांव दूसरे स्थान पर है। उल्लेखनीय है कि एयर मलिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 50 से नीचे रहे तो इसे उत्तम कहा जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) आइजोल के लिए 29 और नगांव के लिए 38 है। वहीं दूसरी ओर केरल का त्रिशूर एक्यूआई 43 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। कर्नाटक का बंगालकोट 46 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।  48 अंकों के साथ गुवाहाटी के साथ बराबरी पर है अरुणाचल प्रदेश का नाहरलागुन और तमिलनाडु का रामनाथपुरम पांचवें स्थान पर है। कर्नाटक का समाराजनगर 50 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। गौरतलब है कि दिल्ली देश का सबसे प्रदूषित शहर है। इसके बाद क्रमशः पटना और लखनऊ का स्थान है।