नई दिल्ली : देशभर में शनिवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ दशहरा मनाया गया और बड़ी संख्या में लोग रावण के पुतलों का दहन देखने के लिए उमड़ पड़े। इसके साथ ही अनुष्ठानों, गीतों, नृत्य और शोभायात्राओं के 10 दिवसीय उत्सव का शानदार समापन हो गया। खुले मैदानों में रावण, उसके भाई कुंभकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। जलते हुए पुतलों में लगे पटाखे फूटने से रात को आकाश प्रकाश से जगमगा उठा। सोशल मीडिया मंचों पर लोगों ने एक-दूसरे को दशहरा की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाल किले के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शामिल हुए, जहां श्री धार्मिक लीला समिति के आयोजकों ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दशहरा उत्सव में हिस्सा लिया। राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर लिखा कि जय सिया राम! आज मुझे दिल्ली के रामलीला मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान 'रावण वध' में भाग लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की हमेशा जीत होगी - यह महान उत्सव इस परम सत्य की सबसे अच्छी और सटीक अभिव्यक्ति है। विभिन्न स्थानों पर विशाल दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए, जिनमें राजनीति, चित्रकला और प्रतिष्ठित स्मारकों समेत विभिन्न नवीन विषयों पर आधारित डिजाइन प्रदर्शित किए गए। शहरों, कस्बों और गांवों में रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें कलाकारों ने रामायण के पात्रों की वेशभूषा धारण कर अभिनय किया। हालांकि, हरिद्वार जिला जेल में रामलीला के मंचन का फायदा उठाकर दो खूंखार अपराधी फरार हो गए। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पंकज और विचाराधीन कैदी राजकुमार की तलाश शुरू कर दी गई है। ओडिशा से भी एक घटना की खबर मिली है, जहां जाजपुर जिले के बरुंदेई मंदिर में दुर्गा पूजा पंडाल से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण चोरी हो गए। दशहरे के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल के सुकना सैन्य स्टेशन पर ‘शस्त्र पूजा’ की और कहा कि यह अनुष्ठान एक ‘‘स्पष्ट संकेत है कि यदि आवश्यकता हुई तो हथियारों और उपकरणों का पूरी ताकत से उपयोग किया जाएगा।
देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा