पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : गृह मंत्रालय (एमएचए) ने केंद्रीय हिस्से के रूप में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से अग्रिम राशि के रूप में 14 बाढ़ प्रभावित राज्यों को 5858.60 करोड़ रुपए जारी किए हैं। इसमें महाराष्ट्र को 1492 करोड़ रुपए, आंध्र प्रदेश को 1036 करोड़ रुपए, असम को 716 करोड़ रुपए, बिहार को 655.60 करोड़ रुपए, गुजरात को 600 करोड़ रुपए, हिमाचल प्रदेश को 189.20 करोड़ रुपए, केरल को 145.60 करोड़ रुपए, मणिपुर को 50 करोड़ रुपए, मिजोरम को 21.60 करोड़ रुपए, नागालैंड को 19.20 करोड़ रुपए, सिक्किम को 23.60 करोड़ रुपए, तेलंगाना को 416.80 करोड़ रुपए, त्रिपुरा को 25 करोड़ रुपए और पश्चिम बंगाल को 468 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी गई है। ये राज्य इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में इस वर्ष के दौरान 21 राज्यों को 14,958 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। इसमें एसडीआरएफ से 21 राज्यों को 9044.80 करोड़ रुपए, एनडीआरएफ से 15 राज्यों को 4528.66 करोड़ रुपए और राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीएमएफ) से 11 राज्यों को 1385.45 करोड़ रुपए की सहायता राशि शामिल है। वित्तीय सहायता के अलावा केंद्र सरकार ने सभी बाढ़ प्रभावित राज्यों को अपेक्षित एनडीआरएफ टीमों, सेना टीमों और वायु सेना की सहायता की तैनाती सहित सभी रसद सहायता भी प्रदान की है।
बाढ़ प्रभावित 14 राज्यों को 5858.60 करोड़ रुपए जारी