पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : राज्यभर में तृतीय श्रेणी के लिए सीधी भर्ती परीक्षा 2024 के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी,जिसे सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के साथ ही विशेष व्यवस्था की गई है। असम सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह एवं राजनीतिक विभाग के अजय तिवारी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि तृतीय श्रेणी पदों के लिए सीधी भर्ती परीक्षा (एडीआरई)2024 की दूसरे चरण की लिखित परीक्षा रविवार को राज्य भर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी तरह से कोई गड़बड़ी नहीं हो इसका पुख्ता इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि एडीआरई के तहत ग्रेड थ्री पदों के लिए लिखित परीक्षा का पहला चरण गत 15 सितंबर को आयोजित किया गया था, जिसमें निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को तीन घंटे से अधिक समय तक निलंबित कर दिया गया था, वहीं इस बार लिखित परीक्षा के दौरान कदाचार को रोकने के लिए असम में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं रविवार को आठ घंटे के लिए बंद कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि मोबाइल इंटरनेट मोबाइल डेटा मोबाइल वाईफाई कनेक्टिविटी का निलंबन सुबह 8.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक रहेगा। अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रए निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती परीक्षा आयोजित करने और इस तरह राज्य के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के हित में सभी से असुविधा सहन करने का अनुरोध किया जाता है। उन्होंने कहा कि पहला स्नातक डिग्री स्तर और दूसरा एचएसएलसी स्तर के ड्राइवरों के पद लिए लिखित परीक्षा को दो हिस्सों में आयोजित की जाएगी। पहला भाग सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक है। उन्होंने बताया कि आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए 7,34,080 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसके लिए राज्य भर में 822 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव तिवारी ने कहा कि इस परीक्षा के लिए उम्मीदवारों के लिए निर्देशों के साथ प्रवेश पत्र पहले ही जारी किए जा चुके हैं। साथ ही अब कुछ अतिरिक्त संशोधित निर्देश भी जारी किए गए हैं, जिसमें उम्मीदवारों को एक दिन पहले परीक्षा केंद्र के स्थान को सत्यापित करने और गहन जांच और तलाशी के लिए परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटे पहले रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है। गृह और राजनीतिक विभाग ने उम्मीदवारों की तलाशी के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। एसओपी परीक्षा के पहले चरण के दौरान महिला उम्मीदवारों की अनुचित तलाशी के आरोपों के बाद आई है, जिसमें कई महिलाओं ने दावा किया था कि महिला सुरक्षा कर्मियों ने उनके निजी अंगों को छुआ था। महिला उम्मीदवारों के लिए तलाशी क्षेत्र के पास एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका या आशा कार्यकर्ता के साथ अलग जगह की व्यवस्था की गई है। अधिकारी ने कहा कि अनुचित तलाशी के मामले में उम्मीदवार को तुरंत केंद्र प्रभारी को रिपोर्ट करना होगा ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने शीघ्र तलाशी के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे जूते की जगह चप्पल और आधी बांह की पोशाक पहनें। बयान में कहा गया है कि उम्मीदवारों को परीक्षा के बाद अपनी प्रश्न पुस्तिका ले जाने की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी।
एडीआर भर्ती परीक्षा आज, 8 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट रहेगा बंद