पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता

गुवाहाटी : असम की एक युवा कलाकार हिमा डेका ने कम से कम समय में भारत की महिला स्वतंत्रता सेनानियों के 20 चित्रों को एक कबूतर के पंख पर चित्रित करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गुवाहाटी के मालीगांव इलाके की रहने वाली हिमा ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में ग्रैंड मास्टर का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने अरुणा आसफ अली, सरोजिनी नायडू, कस्तूरबा गांधी और रानी लक्ष्मी बाई सहित भारत की महिला स्वतंत्रता सेनानियों के बीस ब्लैक एंड व्हाइट चित्रों को कबूतर के एक ही पंख पर पेंटब्रश, काले और सफेद पोस्टर रंगों और एक्रेलिक रंगों का उपयोग करके चित्रित किया। इस्तेमाल किए गए पंख की लंबाई 12 सेमी थी। प्रत्येक चित्र 0.6 सेमी 3 1.2 सेमी आकार का है और पोस्टर और एक्रेलिक ब्लैक एंड व्हाइट रंगों की मदद से इसे पूरा करने में लगभग 45-60 मिनट का समय लगता है। पूरी पेंटिंग को बनाने में कुल 14 घंटे का समय लगा, जिसने इसे रिकॉर्ड की तीन किताबों- असम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाने के लिए एक रिकॉर्ड-तोड़ चित्र बना दिया।