पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर मिशन वसुंधरा 3.0 लॉन्च किया जाएगा। जिन 10 लाख लोगों के आवेदन पहले खारिज हो गए थे, इस बार वे भी आवेदन कर सकेंगे। राजस्व मंत्री योगेन मोहन ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बसुंधरा 3.0 के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक संस्थानों को भूमि पट्टे जारी किए जाएंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष बसुंधरा में भूमि पट्टे का प्रीमियम 30 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है। इसका मतलब यह है कि प्रीमियम के रूप में सरकारी मूल्य का 10 प्रतिशत भुगतान करने पर भूमि का पट्टा जारी किया जाएगा। पूर्व में अस्वीकृत आवेदकों के आवेदनों पर भी विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि मिशन बसुंधरा 3.0 के तहत नामघर, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक संस्थानों को भूमि पट्टे जारी किए जाएंगे। वसुन्धरा 3.0 के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम के ग्रामीण इलाकों में 50-100 साल पुराने नामघर हैं। इनमें से कई नामघरों के पास जमीन के पट्टे नहीं हैं। कई बार कागजी कार्रवाई पूरी न होने के कारण बच्चे बाद में दावा करते हैं कि उनके माता-पिता ने जमीन दान नहीं की है। मिशन बसुंधरा 3.0 का पहला कदम नामघर, स्कूलों, विभिन्न संस्थानों आदि को भूमि पट्टे जारी करना है। मामूली प्रीमियम पर ऐसे संस्थानों, स्कूलों और नामघरों को जमीन के पट्टे जारी किये जाएंगे। मिशन बसुंधरा 3.0 को सफल बनाने के लिए राज्य के विभिन्न जिला प्रशासनों ने जागरूकता बैठकें शुरू कर दी हैं।
गांधी जयंती पर शुरू होगी मिशन बसुंधरा 3.0