पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य सरकार राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के स्कूलों में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 3 लाख 23 हजार 640 छात्रों को साइकिल प्रदान करेगी। इस कारण से राज्य के सरकारी खजाने से 148.55 करोड़ रुपए का व्यय होगा। मंगलवार को दिसपुर के लोकसेवा भवन में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट बैठक के बाद लिए गए निर्णयों के बारे में बताते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता और मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने कहा कि राज्य सरकार ने नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों को साइकिल वितरण की महत्वाकांक्षी योजना को अपनाया है। पहले सिर्फ छात्राओं को ही साइकिलें दी जाती थीं, इस बार छात्रों को भी साइकिलें दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य स्कूल छोड़ने वालों की संख्या को कम करना और छात्र-छात्राओं को दूरदराज के क्षेत्रों में स्कूलों में जाने में सक्षम बनाना है। कैबिनेट के अन्य फैसलों की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने ग्वालपाड़ा होकर अजारा-कामाख्या दोहरी रेलवे लाइन के विस्तार के लिए जालुकबारी मौजा में 7 बीघा जमीन और चकरदई मौजा में 1 बीघा जमीन रेलवे विभाग को हस्तांतरित करने का फैसला किया। कैबिनेट ने माजुली, हाजो और तिंगखांग में पॉलिटेक्निक कॉलेजों के लिए 150 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। कैबिनेट ने इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 451 अंशकालिक व्याख्याताओं की नौकरी को नियम 3 (एफ) के तहत मंजूरी दे दी। कैबिनेट ने कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद द्वारा भर्ती किए गए 131 शिक्षकों के नियमितीकरण को भी मंजूरी दे दी। इस संबंध में पर्वतीय विकास विभाग संबंधित शिक्षकों की योग्यता की जांच करेगा।
माजुली, हाजो व तिंगखांग में खुलेंगे पॉलिटेक्निक कॉलेज