श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण में 26 सीटों के लिए आज मतदान होगा और इस दौरान करीब 25 लाख मतदाता 239 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा और भारतीय जनता पार्टी   (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रवींद्र रैना प्रमुख हैं। दूसरे चरण में जिन 26 सीट पर चुनाव होगा वे छह जिलों के अंतर्गत आती हैं। इनमें से तीन जिले कश्मीर संभाग के अंतर्गत हैं, जबकि इतने ही जिले जम्मू संभाग के हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुचारु और निर्बाध चुनाव कराने के वास्ते निर्वाचन आयोग ने इस चरण में 3,502 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें से 1,056 शहरी क्षेत्र में, जबकि 2,446 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की कोशिश के तहत सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा होगी। एक अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए, दूसरे चरण के लिए 157 विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 26 ‘पिंक मतदान केंद्र’ हैं जो पूरी तरह से महिला कर्मियों द्वारा प्रबंधित होंगे, 26 मतदान केंद्र विशेष रूप से दिव्यांगों द्वारा संचालित, 26 मतदान केंद्र युवाओं द्वारा संचालित, 31 सीमा मतदान केंद्र, 26 हरित मतदान केंद्र और 22 अद्वितीय मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक जारी रहेगा।