चेन्नई : किरण राव की ‘लापता लेडीज’ को ऑस्कर पुरस्कार 2025 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। ‘फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने सोमवार को यहां यह घोषणा की। पितृसत्ता पर हल्के-फुल्के व्यंग्य से भरपूर इस हिंदी फिल्म को 29 फिल्मों में से चुना गया है, जिनमें बॉलीवुड की हिट फिल्म ‘एनिमल’, मलयालम की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ‘अट्टम’ और कान फिल्म महोत्सव की विजेता ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’  शामिल हैं। असमिया फिल्म निर्देशक जाह्नु बरुवा की अध्यक्षता वाली 13 सदस्यीय चयन समिति ने आमिर खान और किरण राव द्वारा निर्मित ‘लापता लेडीज’ को एकेडमी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फिल्म श्रेणी के लिए ‘सर्वसम्मति’ से चुना है। इस श्रेणी में शामिल होने की दौड़ में 29 फिल्मों में हिंदी फिल्म ‘श्रीकांत’, तमिल फिल्म ‘वाजहाई’ और ‘तंगलान’ तथा मलयालम फिल्म ‘उल्लोझुक्कु’ थीं। मार्च में रिलीज हुई ‘लापता लेडीज’ 2001 में ग्रामीण भारत में दो दुल्हनों की दिल छू लेने वाली कहानी है, जिनकी एक ट्रेन यात्रा के दौरान अदला-बदली हो जाती है। फिल्म का निर्माण राव के किंडलिंग प्रोडक्शंस, आमिर खान प्रोडक्शंस और जियो स्टूडियोज ने किया है। राव ने कहा कि वह ‘बेहद सम्मानित और खुश’ महसूस कर रही हैं कि उनकी फिल्म 97वें एकेडमी अवॉर्ड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने कहा कि सिनेमा हमेशा दिलों को जोड़ने, सीमाओं को पार करने और सार्थक संवाद शुरू करने का एक शक्तिशाली माध्यम रहा है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म भारत की तरह दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आएगी। फिल्म निर्देशक ने एक बयान में कहा कि मैं इस फिल्म पर भरोसा जताने वाली चयन समिति और हर व्यक्ति का हार्दिक आभार व्यक्त करता चाहती हूं। इस वर्ष ऐसी अद्भुत भारतीय फिल्मों में से चुना जाना वास्तव में एक बड़ा सौभाग्य है - जो इस सम्मान के लिए समान रूप से योग्य दावेदार हैं। करीब 13 साल के अंतराल के बाद ‘लापता लेडीज’ के साथ निर्देशन की दुनिया में लौटीं राव ने कहा कि वह और उनकी टीम ‘बड़े उत्साह’ के साथ इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।