वाशिंगटन : अमरीका में राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने मंगलवार को पहली बहस में अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को पछाड़ दिया। हैरिस अमरीकी विदेश नीति, अर्थव्यवस्था, सीमा सुरक्षा और गर्भपात जैसे विषयों पर ट्रंप को घेरने में कामयाब रहीं। ट्रंप के साथ इस बहस के दौरान हैरिस पूर्व में ‘प्रेसिडेंशियल डिबेट’ में राष्ट्रपति जो बाइडेन के निराशाजनक प्रदर्शन की भरपाई करने का भरपूर प्रयास करती भी दिखीं और 90 मिनट चली इस बहस में हैरिस ने ट्रंप को चारों ओर से घेरने का प्रयास किया। पूर्व राष्ट्रपति ने जब मौजूदा प्रशासन की निंदा की तो उपराष्ट्रपति हैरिस ने उन्हें स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि आप जो बाइडेन के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। आप मेरे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बहस की शुरुआत मंगलवार को दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर की, लेकिन बाद में यह तीखे आक्रामक तेवरों में बदल गई। पेन्सिलवेनिया में 90 मिनट चली इस बहस के दौरान हैरिस (59) ने अपनी बहस समेटते हुए अंत में टिप्पणी की, ‘मुझे लगता है कि आपने आज रात देश के लिए दो बिल्कुल अलग-अलग दृष्टिकोण सुने। एक जो भविष्य पर केंद्रित है और दूसरा जो अतीत पर केंद्रित है तथा हमें पीछे की ओर ले जाने वाला है, लेकिन हम पीछे नहीं जा रहे हैं।’  उन्होंने दावा कि दुनिया के नेता ‘डोनाल्ड ट्रंप पर हंसते हैं’ और उनका उपहास उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने सैन्य नेताओं के साथ बात की है, जिनमें से कुछ आपके साथ काम कर चुके हैं। उनका कहना है कि आप एक कलंक हैं। ट्रंप (78) ने भी हैरिस को घेरने का प्रयास करते हुए पूछा कि आखिर अभी वह जो वादें कर रही हैं उसे उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडेन और अपने नेतृत्व वाले प्रशासन में इन साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में क्यों नहीं किया? पूर्व राष्ट्रपति ने बहस के समापन में अपनी टिप्पणी में कहा कि उन्होंने इसी बात से शुरुआत की कि वह ऐसा करेंगी, वह वैसा करेंगी। वह ये सारी बेहतरीन चीजें करने वाली हैं, लेकिन अब तक उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया? इन सबको करने के लिए उनके पास साढ़े तीन साल का समय था। सीमा का विवाद सुलझाने के लिए उनके पास साढ़े तीन साल थे। रोजगार पैदा करने के लिए और जिन भी चीजों पर हमने बात की, इसके लिए उनके पास साढ़े तीन साल थे। उन्होंने तब ऐसा क्यों नहीं किया? यह दूसरी ‘प्रेसिडेंशियल डिबेट’ थी, लेकिन ट्रंप और हैरिस के बीच यह पहली बहस थी। पहली ‘प्रेसिडेंशियल डिबेट’ 27 जून को राष्ट्रपति जो बाइडेन और ट्रंप के बीच हुई थी, जिसमें अपने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की दौड़ से नाम वापस ले लिया तथा नवंबर में होने वाले चुनाव में हैरिस के लिए पार्टी उम्मीदवार बनने का मार्ग प्रशस्त किया। बहस का संचालन कर रहे ‘एबीसी न्यूज’ के संचालकों को इस दौरान कई बार तथ्यों की जांच के लिए टोकना पड़ा। हैरिस ने कहा कि जैसा कि मैंने कहा था कि आपको कई झूठ सुनने को मिलेंगे और वास्तव में यह कोई चौंकाने वाली बात नहीं है।