पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले के आरोपी विशाल फुकन के साथ संपर्क रखने वाले कई कलाकारों, यूट्यूबर्स, डॉक्टरों और रिश्तेदारों पर डिब्रूगढ़ पुलिस नजर रख रही है। डिब्रूगढ़ पुलिस पहले ही 16 लोगों को लुकआउट नोटिस जारी कर चुकी है। डिब्रूगढ़ पुलिस ने तिनसुकिया से विशाल फुकन का सहयोगी अभिजीत चंदा नामक एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। डिब्रूगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश रेड्डी ने कहा कि ट्रेडिंग घोटाले की जांच का काम सीआईडी को सौंपा गया है। सीआईडी ने मामले की जांच के लिए विशेष कार्य बल (एसआईटी) का गठन किया है। डिब्रूगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) सिजल अग्रवाल को भी विशेष कार्य बल में नियुक्त किया गया है। एसपी राकेश रेड्डी ने यह भी कहा कि पुलिस ने विशाल फुकन के 18 बैंक खाते सील कर दिए हैं। जांच के लिए भारतीय रिजर्व बैंक, आयकर विभाग, ईडी और अन्य जरूरी विभागों का सहयोग मांगा गया है। एसपी ने कहा कि जांच के लिए लुकआउट सर्कुलर भेजने वाले लोगों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। अब तक करीब 15 गवाहों की गवाही हो चुकी है। एसपी ने कहा कि विशाल के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस अधीक्षक राकेश रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि विशाल की मुंहबोली बहन सुमी बोरा, पति तर्किक बोरा और भाई राजीव बोरा के खिलाफ सबूत पाए जाने के बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि किसी को भी मोस्ट वांटेड घोषित नहीं किया गया है। घटना की जांच सीआईडी को सौंपी गई है और बाहर के राज्य की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। अब तक एक साल पहले से विशाल के बैंक लेनदेन के विवरण को देखा जा रहा है। उनके अनुसार बैंक लेनदेन लगभग 100 करोड़ रुपए का हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि क्या पैसा बैंक के अलावा कहीं और रखा गया था। इसकी सूचना बैंक को भी दे दी गई है। आरोपी विशाल फुकन के खिलाफ डिब्रूगढ़ सदर पुलिस स्टेशन में 352/24 नंबर में मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि विशाल की मुंहबोली बहन सुमी और उसके फोटोग्राफर पति तर्किक बोरा अभी भी लापता हैं और पुलिस दोनों की तलाश जारी रखे हुए है। शिकायत के मुताबिक अभिनेत्री सुमी बोरा के माध्यम से डिब्रूगढ़ और असम के कई डॉक्टर, चिकित्सा प्रतिनिधि, फार्मेसियों, शिक्षक, व्यवसायी और प्रमुख उद्योगपति करोड़ों रुपए का निवेश करने के लिए विशाल से संपर्क किया था। यह भी गंभीर आरोप है कि विशाल ने एक महीने में 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 लाख रुपए करने का वादा करके निवेशकों से पैसे ऐंठे। एक खूबसूरत अभिनेत्री के जाल में कदम रख कर निवेश करने के बाद अब सबको सिर धुनना पड़ रहा है।
विशाल के 18 बैंक खाते कर दिए गए सील