पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता डिब्रूगढ़ :करोड़ों के ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड विशाल फुकन को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीन दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। बिशाल फुकन के मामले की अगली सुनवाई की तारीख कोर्ट ने 18 सितंबर, 2024 तय की है। विशाल फुकन को शेयर बाजार में निवेश के जरिए कम समय में आकर्षक रिटर्न का वादा करके सैकड़ों लोगों को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। ऐसा कहा जाता है कि अपनी धोखाधड़ी की गतिविधियों के सामने आने से पहले फुकन निवेशकों से करोड़ों रुपए इकट्ठा करने में सफल रहा। डिब्रूगढ़ पुलिस ने विशाल फुकन के मामले में कुल चार कारें जब्त की हैं। लग्जरी कारें हैं- फॉर्च्यूनर (एएस 06 एजे-0006), एमजी हेक्टर (एएस 06-एके-0006), किआ सेल्टोस (एएस 06-एएल 0006), एमजी एस्टोर (एएस 06-एएल-6734)। फुकन को अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम, 2019 सहित कानून की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था।
ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी विशाल फुकन भेजा गया जेल