पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : आखिरकार सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल का दूसरी बार के लिए असम ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष बनने के लिए रास्ता साफ हो चुका है। बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन गुवाहाटी के आरजी बरुवा स्पोर्ट्स प्रोजेक्ट स्थित असम ओलंपिक एसोसिएशन (एओए) के चुनाव कार्यालय में वर्तमान अध्यक्ष सोनोवाल ने अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के लिए बढ़ाए गए समय में बृहस्पतिवार शाम 5 बजे केंद्रीय मंत्री सोनोवाल की ओर से चराइदेव जिला खेल संघ के महासचिव हिरेन गोगोई ने अपना नामांकन दाखिल किया। असम ओलंपिक संघ के आसन्न चुनाव को लेकर बार-बार बदलती स्थिति के दौरान अध्यक्ष पद को लेकर हो रहा गतिरोध प्रतिष्ठित पद के दावेदारों में से एक मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के त्याग के कारण सुलझ गया हैं। शुक्रवार को नामांकन की वैधता की जांच की जाएगी और उसके बाद सभी पदों के लिए वैध उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की जाएगी। 7, 8 और 9 सितंबर में नामांकन वापस लेने की तारीखें तय की गई है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची 10 सितंबर को घोषित की जाएगी। 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक डिब्रूगढ़ जिला एसोसिएशन कार्यालय में मतदान होगा। वोटों की गिनती शाम 4 बजे शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन बृहस्पतिवार को असम ओलंपिक एसोसिएशन (एओए) कार्यालय में विभिन्न पदों के उम्मीदवारों की भारी भीड़ थी। उपाध्यक्ष पद के लिए 15, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 5, संयुक्त सचिव पद के लिए एकमात्र महिला उम्मीदवार दीपा चौधरी सहित 16 उम्मीदवार, सहायक सचिवों के लिए 12 और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 9 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। महासचिव पद के लिए असम एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव गीतार्थ गोस्वामी एवं असम तैराकी एसोसिएशन के महासचिव भास्करज्योति दास ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके अनुसार महासचिव पद के लिए उम्मीदवारों की कुल संख्या 5 हो गई है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन कोषाध्यक्ष पद के लिए भास्करज्योति दास और अशोक कुमार भराली ने नामांकन पत्र दाखिल किया। डिब्रूगढ़ में 22 सितंबर को होने वाले असम ओलंपिक एसोसिएशन (एओए) चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को कुल 77 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
सोनोवाल दूसरी बार बनेंगे एओए के अध्यक्ष