पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मनी ट्रेडिंग के नाम पर 22 साल की कम उम्र में ही विशाल फुकन ने दौलत का पहाड़ खड़ा कर दिया। विशाल के खजानों की सूची देखकर जांचकर्ता भी हैरान रह गए। फिलहाल विशाल फुकन डिब्रूगढ़ पुलिस की हिरासत में है और पुलिस उनकी संपत्ति की सूची बना रही हैं। विशाल ने अपनी मुंहबोली बहन सुमी और रिश्तेदारों के नाम पर विलासिता के सामान खरीदने और विलासितापूर्ण यात्राओं पर काफी पैसे खर्च किए। विशाल ने कबूल किया कि उदयपुर में सुमी की शादी के नाम पर 3 करोड़ रुपए खर्च किया था। विशाल ने सुमी की शादी में मेहमानों के हवाई किराए पर 33 लाख रुपये खर्च किए। उसने डिब्रूगढ़ के बैरागीमठ में 2,000 वर्ग फुट का कार्यालय भवन का निर्माण करवाया है। कार्यालय भवन का इंटीरियर डिजाइन 85 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। उसने इंटीरियर डिजाइन के लिए 85 लाख रुपए में से 50 प्रतिशत का भुगतान पहले ही कर दिया है।  विशाल ने डिब्रूगढ़ शहर के गांधीनगर में प्रभांजलि अपार्टमेंट में 63.25 लाख रुपए में एक फ्लैट भी खरीदा। इसके लिए बिल्डरों को 44 लाख रुपए नकद भुगतान किया गया है। विशाल ने गुवाहाटी के नारगी में आइडियल व्यू अपार्टमेंट में 1.5 करोड़ रुपए का फ्लैट खरीदा है। इसी तरह अरबपति विशाल फुकन ने गुवाहाटी के तरूण नगर के प्रतीक तरूण अपार्टमेंट में 7 करोड़ रुपए का डुप्लेक्स फ्लैट खरीदा है। इसी बीच उसने डिब्रूगढ़ में सुमी बोरा के लिए एक डांस अकादमी खोल दी। डांस एकेडमी के डिजाइन पर विशाल ने 33 लाख रुपए खर्च किए। डांस अकादमी के निर्माण के लिए सिग्मा टाइल्स को 10 लाख रुपए और साउंड प्रूफिंग के लिए 15 लाख रुपए खर्च किए। विशाल ने सुमी बोरा को 76 लाख रुपऐ की हीरे की अंगूठी तोहफे में दी। 8 अगस्त में विशाल ने सुमी को उसके जन्मदिन पर 2 लाख रुपए का टेडी बियर उपहार दिया था। सुमी बोरा के निजी जिम ट्रेनर तंद्रामणि को 50,000 रुपए प्रति माह का भुगतान किया जाता था। सुमी की शादी के बाद विशाल ने उसे दुबई की यात्रा उपहार के रूप में दी थी। इस यात्रा में विशाल, सुमी और फिल्म निर्माता आदित्यम सैकिया शामिल थे। उन्होंने बुर्ज खलीफा के सात सितारा होटल अटलांटिक में 3 दिन बिताए थे। होटल में प्रति रात का किराया 19 लाख रुपए था, इस तरह होटल अटलांटिक में कुल खर्च 57 लाख रुपए था। इन तीनों ने एक-एक रात के लिए 1 लाख रुपए खर्च किए थे। उन्होंने दुबई के एक मॉल में 5 दिनों में 1.5 करोड़ रुपए की खरीदारी की थी। इसी तरह विशाल फुकन ने अपनी मां को 33 लाख रुपए की एमजी हैक्टर लग्जरी गाड़ी दी थी। वाहन को डिब्रूगढ़ पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है। विशाल ने सुमी के पति तार्किक बोरा को तोहफे में 45 लाख रुपए की लग्जरी फॉच्युनर गाड़ी दी थी। सुमी के पति तार्किक बोरा ने कथित तौर पर शिवसागर में दो चाय बागान खरीदे। ऊपरी असम केकई जिलों में तार्किक बोरा के नाम पर चाय के बागान हैं। विदेश में भी विशाल के बैंक खाते हैं। पुलिस को सूचना मिली है कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक खाते में विशाल का 700 करोड़ का बैंक लेनदेन हुआ।