पूर्वांचल प्रहरी क्राइम रिपोर्टर गुवाहाटीः ऑनलाइन  ट्रेडिंग और  शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर सैकड़ों ग्राहकों के करोड़ों की रकम गबन करने वाली अभिनेत्री सुमी बोरा अपने पति के साथ फरार हो गई है। फिलहाल पुलिस को सुमी बोरा और उसके पति  तरकिक बोरा की तलाश है। सैकड़ों लोगों को करोड़ों की ठगी कर विलासी जीवन बीता रहे उक्त दंपति को लेकर अब विभिन्न प्रकार के सनसनीखेज खुलासे  सामने आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार एक सामान्य फोटोग्राफर के रूप में खुद की पहचान बनाने वाली  सुमी के पति तरकिक बोरा ऊपरी असम के कई चाय बागानों के मालिक हैं। साथ ही    राज्य के कई गैर-कानूनी सिंडिकेट मामलों में भी तरकिक के जुड़े होने की खबर है। वही इसी बीच असमिया गीतों के प्रख्यात गायक दिक्षु शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि गत सोमवार को उक्त दंपति नूनमाटी के जयंत नगर स्थित उनके आवास पर आए थे। लगभग पूरे दिन दिक्षु के घर बिताने के बाद उन्होंने अपने घर जाने को कहा  तथा सोमवार रात करीब 10ः30 बजे उक्त दंपति अपने सफेद रंग के एसयूवी कार से चले गए। दिक्षु ने बताया कि इस दौरान तरकिक को वशिष्ठ पुलिस से फोन आ रहे थे, जिन्हें तरकिक ने नजरंदाज कर दिया। दिक्षु ने यह भी बताया कि दोनों को उन्होंने आत्मसमर्पण करने की सलाह दी, परंतु दोनों इस सलाह को मानने से इंकार कर दिया, वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त दंपति पल-पल अपने स्थान बदल रहे हैं, जिसके तहत पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने में कठिनाई हो रही है, वहीं सूत्रों की मानें  तो उक्त दंपति गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की तैयारी कर रहे हैं, जिसके तहत दोनों लगातार अपने वकील से संपर्क में हैं।