पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य सरकार की अहम कैबिनेट बैठक बुधवार शाम 5 बजे से लखीमपुर के जिला सम्मेलन केंद्र में आयोजित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और उनके कार्यान्वयन को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने असमिया जाति की सुरक्षा के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने न्यायमूर्ति विप्लव शर्मा समिति की रिपोर्ट के अनुसार असम समझौते के 67 में से 57 अनुच्छेदों के कार्यान्वयन को मंजूरी दे दी। कैबिनेट ने इन खंडों को 15 अप्रैल 2025 तक लागू करने और शेष 10 खंडों पर भारत सरकार के परामर्श से बाद की तारीख में निर्णय लेने का का फैसला किया। कैबिनेट ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि आदिवासी भाषा और संस्कृति प्रभावित न हो, असम छात्र संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के माध्यम से एक समझौता करने का निर्णय लिया। हालांकि, छठी अनुसूची और बराक घाटी को इस समझौते से बाहर रखा जाएगा। कैबिनेट ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए भी बड़ा फैसला लिया। इसके अनुसार दुर्घटनाओं के कारण मरने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपए का बीमा कवरेज मिलेगा। जीवन विकलांगता के मामले में 80 लाख रुपए और आंशिक विकलांगता के मामले में 50 लाख रुपए मिलेंगे। इसी तरह बीमारी से मौत होने पर 10 लाख रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक समेत अन्य बैंकों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस दौरान कैबिनेट ने 20 लाख लोगों को अतिरिक्त राशन कार्ड जारी करने का भी फैसला किया। ये अतिरिक्त राशन कार्ड 15 सितंबर तक लाभार्थियों को मिल जाएंगे। उसी प्रकार कैबिनेट ने 19 नवंबर को वीर राघव मोरान दिवस को सीमित सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाने को मंजूरी दे दी। कैबिनेट ने औद्योगिक विस्तार के लिए जगीरोड में सेमी कंडक्टर इंडस्ट्री के पास ताज होटल के निर्माण को मंजूरी दे दी। कैबिनेट ने असम चाय निगम के तहत चाय बागानों को एक किस्त में 20 प्रतिशत पूजा बोनस का भुगतान करने का भी निर्णय लिया। कैबिनेट ने लखीमपुर जिले के लिए कई परियोजनाओं को भी मंजूरी दे दी। तदनुसार, रंगानदी निर्वाचन क्षेत्र में दिरजू-किमिन सड़क के निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए और डिक्रांग नदी पर सड़क और बांध के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। कैबिनेट ने लखीमपुर जिले के लालुक कॉलेज में एक विज्ञान विभाग की स्थापना और खारकाटी पुल से एलेंगी सत्र तक 30 किमी सड़क के निर्माण के लिए 44 करोड़ रुपए की मंजूरी भी दी। उसी तरह एसेराकाटा-बालिभेटा बाढ़ सुरक्षा के लिए 24.98 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। कैबिनेट ने बगीनदी में 15 करोड़ रुपए के गेस्ट हाउस के निर्माण को भी मंजूरी दी। कैबिनेट बैठक में 19 करोड़ रुपए की लागत से गोम नदी तक 23 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण और ढकुआखाना में 30 बिस्तरों वाले अस्पताल के बजाए 200 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल में अपग्रेड करने को भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने ढकुआखाना में ऐतिहासिक फाटबिहु स्थल पर एक सांस्कृतिक परियोजना के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपए, माधवदेव के दोनों थानों और सड़कों के विकास के लिए 30 करोड़ रुपए, ढलपुर में अनिरुद्धदेव थाने के विकास के लिए 15 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। कैबिनेट ने बिहाली के बेदेती में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना को भी मंजूरी दी। लखीमपुर में हुई कैबिनेट बैठक में इन फैसलों के साथ और कई अहम फैसले लिए गए।