पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने पुलिस को उन धोखेबाज लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है जो कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए करोड़ों रुपए की उगाही कर रहे हैं। पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने सोमवार को प्रत्येक जिले के एसपी के साथ बैठक की और उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ छापेमारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद डिब्रूगढ़ पुलिस ने विशाल फुकन को, गुवाहाटी पुलिस ने स्वप्निनल दास को, धुबड़ी पुलिस ने शंकर कुमार विश्वास और रफीकुल इस्लाम को तथा नगांव पुलिस ने रुपहीहाट में 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने मंगलवार को अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोगों से ऐसे जालसाजों के जाल में नहीं फंसने का आग्रह किया। इस संबंध में सीएम ने मंगलवार को सोनितपुर जिले के सतिया में मीडिया से कहा कि  जिन लोगों ने शेयर बाजार में निवेश किया है, मैं उन्हें तथा आम जनता को सूचित करना चाहता हूं कि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जिन्होंने ब्याज चुकाने के लिए नोटरी पब्लिक का सहारा लिया है। इस तरह का काम बिल्कुल भ्रामक है। जिन लोगों ने पैसा निवेश किया है मैं उन लोगों को सूचित करना चाहता हूं कि वे दोबारा ऐसा न करें। अगर कोई शेयर बाजार में उतरना चाहते हैं तो उन्हें अपना डी-मैट अकाउंट खोलना होगा और इसकी एक अलग व्यवस्था है। किसी को भी दलालों के माध्यम से पैसा नहीं लगाना चाहिए। नहीं तो उनका सारा पैसा बर्बाद हो जाएगा। पुलिस आज कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में पुलिस और कार्रवाई करेगी। लोगों को इन ऐप्स से दूर रहना चाहिए।