पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता
गुवाहाटीः प्रतिबंधित संगठन अल्फा (इंडिपेंडेंट) ने इस साल मई में घोषित किया गया एकतरफा संघर्ष विराम अगले तीन महीने के लिए फिर से रविवार को बढ़ा दिया है। प्रेस को जारी किए गए एक बयान में संगठन के प्रमुख परेश असम ने कहा कि सार्वजनिक हित के मद्देनजर अगले तीन महीने के लिए संघर्ष विराम को विस्तार दिया गया है। उन्होंने कहा कि अल्फा (आई) इस दौरान किसी भी प्रकार की सशस्त्र गतिविधि नहीं करेगा। संगठन ने महामारी को देखते हुए 15 मई को तीन महीने के लिए एकतरफा संघर्ष विराम की घोषणा की थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)नीत सरकार के सत्ता में आने और 10 मई को हिमंत विश्व शर्मा के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद ही अल्फा (आई) ने यह कदम उठाया था। संगठन की ओर से बताया गया था कि कोविड-19 महामारी के कारण 14 अगस्त को एक बार फिर तीन महीने के लिए संघर्ष विराम को विस्तार दिया गया था। बताया जा रहा है कि संघर्ष विराम के दौरान अल्फा (आई) किसी हिंसक गतिविधि को अंजाम नहीं दे रहा है,लेकिन नए सदस्यों की भर्ती कर रहा है। उल्लेखनीय है कि अल्फा के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि पांच महिलाओं ने भी अल्फा की सदस्यता ग्रहण करली है। जानकारों का कहना है कि सरकार को इस दिशा में जरूर ठोस पहल करनी चाहिए ताकि असम में शांति को पटरी पर लाया जा सके।