पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी : सरकार ने शराब के दाम में तीस प्रतिशत की कमी लाकर  जहां शराबियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है, लेकिन रविवार से दूध की कीमत बढ़ने से आम गृहिणियों के साथ आम लोग नाराज हंै। उल्लेखनीय है कि रविवार से राज्य में दूध और रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है, जबकि शराब की कीमत में कमी आई है। दूध और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से गृहिणियां और जनता नाराज है। रविवार से दूध की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दूध की खुदरा कीमत 64 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 67 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है। इसी तरह दूध का थोक भाव 61.40 रुपए से बढ़कर 64.40 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वृहत्तर गुवाहाटी गौपालक संघ की ओर से दूध की कीमत बढ़ाने के फैसले के बाद ग्रेटर गुवाहाटी डेयरी ट्रेडर्स एसोसिएशन को खुदरा बाजार में दूध की कीमत बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी ओर रविवार से कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। प्रति कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर में 39 रुपए बढ़ा दिया गया है। पिछले साल अगस्त में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि, रविवार को विदेशी शराब और बीयर की कीमतों में ब्रांड के हिसाब से 33 फीसदी तक की गिरावट आई, जबकि दूध और सिलेंडर की कीमतें बढ़ गईं। उत्पाद शुल्क विभाग ने असम में शराब की कीमत घटाकर इसे लगभग पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के बराबर ला दिया है। उत्पाद विभाग को उम्मीद है कि इससे असम में अरुणाचल और मेघालय से शराब की तस्करी में कमी आएगी। शराब के विभिन्न ब्रांडों की कीमत 22 रुपए से 214 रुपए तक घटा दी गई है। रविवार से लागू हुई नई दर के तहत 5 प्रतिशत अल्कोहल वाली 650 मिलीलीटर बीयर की कीमत में 22 रुपए की कटौती की गई है। 5 प्रतिशत से अधिक अल्कोहल सामग्री वाली 650 मिलीलीटर बीयर की कीमत 34 रुपए प्रति लीटर कम की गई। सामान्य ब्रांड के 750 मिलीलीटर रम की कीमत में 117 रुपए और 350 से 500 रुपए के बीच के लक्जरी ब्रांड में 166 रुपए की कमी की गई है। इसी तरह, 750 मिलीलीटर नियमित ब्रांड व्हिस्की और जिंक की कीमत में 144 रुपए की गिरावट आई, जबकि 360 रुपए से 500 रुपए के बीच लक्जरी ब्रांड व्हिस्की, ब्रांडी और जिंक की कीमत में 166 रुपए की गिरावट आई। इस बीच, 500 से 700 रुपए के बीच 750 मिलीलीटर एलिगेंट ब्रांड की ब्रांडी, जिंक और व्हिस्की में 214 रुपए की गिरावट आई है।