जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक अनाथ आश्रम में रहने वाले आठ से 10 वर्ष की उम्र के आठ बच्चों के साथ कुकर्म के आरोप में दो किशोरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों की उम्र 17 साल बताई गई है। शहर के कोतवाली थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि तीन किशोर रैगिंग के नाम पर बच्चों के साथ कुकर्म कर रहे थे। इनमें से दो पुलिस की हिरासत में आ गए, एक की तलाश की जा रही है। यह घटनाक्रम पिछले दो माह से चल रहा था। कुकर्म से पहले आरोपित बच्चों के साथ छेड़छाड़ करते थे। शहर के नाटाणियों के रास्ते में आजादी से पहले से चल रहे श्री हिंदू अनाथ आश्रम का यह मामला है। तीनों किशोर बच्चों को धमकाने के साथ मारपीट भी करते थे। इस मामले की जांच पुलिस थाना अधिकारी ओमप्रकाश मातवा कर रहे हैं। पुलिस ने सभी बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट किया है। तीनों किशोर पहले इसी आश्रम में रहते थे, लेकिन बाद में यहां से चले गए थे। आश्रम में चौकीदार नहीं होने के कारण मौका का फायदा उठाकर यह तीनों आश्रम में आते-जाते रहते थे। यहां आकर बच्चों के साथ कुकर्म करते थे। आश्रम में कार्यरत दो स्टाफकर्मी भी सुबह से शाम तक ही रहते थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आश्रम में प्रबंधन की लापरवाही के कारण ऐसी घटना हुई है। बाहरी लोग बिना किसी रोक-टोक के आते-जाते रहते हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंन्द्र सागर ने बताया कि आश्रम से जा चुके 18 साल से अधिक उम्र के युवक दीवाली पर यहां आए थे। उन्होंने वहां बच्चों से बात की तो पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। इस पर उन युवकों ने बच्चे से बातचीत का वीडियो बना लिया।