मुंबईःउत्तर प्रदेश के बदोही जिले के कॉलेज छात्र चंदन यादव और महाराष्ट्र के नासिक की रहने वाली रवीना गायकवाड़ ने रविवार को यहां आठवें एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मुंबई हाफ मैराथन 2024 में क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग के खिताब जीते। इससे पहले कई बार पोडियम पर पहुंचने वाले 21 वर्ष के चंदन ने फिनिश लाइन से आधा किलोमीटर पहले अपनी गति बढ़ाई तथा एक घंटा 11.01 मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। नीतीश कुमार एक घंटा 11.54 मिनट के साथ दूसरे जबकि पीयूष मसाने एक घंटा 13.20 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में 19 वर्षीय रवीना ने 21 किलोमीटर की दौड़ में अपने पदार्पण को यादगार बनाते हुए एक घंटा 27.43 मिनट का समय लेकर आसानी से जीत हासिल की। वह सेनिट लेशार्ज (एक घंटा 29.41) से लगभग दो मिनट आगे रही। रुक्मणी भौरे ने एक घंटा 31.23 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता। दिग्गज क्रिकेटर और प्रायोजक के ब्रांड एंबेसडर सचिन तेंदुलकर ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। पुरुषों की 10 किमी में युवराज यादव ने 31.50 मिनट में दौड़ पूरी की, जबकि मनीष कुमार नायक ने 32.14 मिनट का समय लेकर रजत और अमित माली ने 33.25 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक जीता।  महिला वर्ग में सोनाली देसाई ने 39.47 मिनट का समय लेकर लगातार दूसरे साल पहला स्थान हासिल किया। दिव्या पिंगले ने 41.50 मिनट के साथ दूसरा और रजनी त्यागी ने 43.52 मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में 20,000 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर तेंदुलकर ने कहा कि भारतीय होने के नाते, हम खेल से प्यार करते हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि हम अपने मानसिक और शारीरिक लाभ के लिए विभिन्न खेलों में भाग लेकर खेल को जीवन का एक तरीका बनाएं।