नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बैरी विल्मोर दो महीने से अधिक से अंतरिक्ष में फंसे हैं। फिलहाल दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में मौजूद हैं। बोइंग स्टारलाइनर में खराबी की वजह से दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की अभी तक वापस नहीं हो पाई है। अंतरिक्ष यान बोइंग स्टारलाइनर सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पांच जून को लेकर गया था। यह मिशन सिर्फ आठ दिन का ही था, लेकिन हीलियम लीक और थ्रस्टर में खराबी के कारण अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी को टाल दिया गया। बोइंग स्टारलाइनर ने यह पहली उड़ान भरी थी। अब अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने स्पेस में फंसी सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर की वापसी को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। सुनीता विलियम्स की वापसी अब अगले साल होगी। इसके साथ ही अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी बोइंग स्टारलाइनर की जगह स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन के जरिए होगी। यह बोइंग कंपनी के लिए एक बड़ा झटका है। नासा का कहना है कि सुनीता और विल्मोर को अगर बोइंग स्टारलाइनर से वापस लाया जाता है, तो खतरनाक हो सकता है। पहले भी क्रू ड्रैगन अंतरिक्ष यात्रियों को वापस ला चुका है। बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान की परीक्षण उड़ान के लिए दोनों अंतरिक्ष यात्री स्पेस में गए थे। बोइंग स्टारलाइनर की यह पहली उड़ान थी और सफल रही, लेकिन अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद हीलियम लीक और थ्रस्टर में खराबी आ गई। दोनों अंतरिक्ष यात्री सिर्फ आठ दिनों के लिए स्पेस में गए थे। अब दोनों की वापसी फरवरी 2025 में होगी। फिलहाल दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में मौजूद हैं। नासा ने सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर की वापसी के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से मदद लेने का निर्णय लिया है। अगले महीने मिशन के तहत स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन अंतरिक्ष की यात्रा पर जाएगा और अगले साल फरवरी में वापस आएगा।
खाली लौटेगा स्टारलाइनर?
नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने बताया कि स्टारलाइनर का प्रोपल्शन सिस्टम अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाने के लिए बहुत जोखिम से भरा है। स्टारलाइनर चालक दल के बिना आईएसएस से पृथ्वी पर वापस आने की कोशिश करेगा। बोइंग के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी का रेसक्यू मिशन के लिए चुनाव करना स्टारलाइनर टेस्टिंग मिशन को एक बड़ा झटका है। बोइंग को उम्मीद थी कि सालों इंतजार करने के बाद उसका यह मिशन सफल होगा, लेकिन जब मिशन की टेस्टिंग शुरू हुई थी, तब से ही बोइंग का स्टारलाइनर नकारात्मक वजहों के लिए¸ हमेशा चर्चा में रहा।
रेस्क्यू के लिए स्पेसएक्स का क्यों हुआ चुनाव? : नेल्सन ने बताया कि उन्होंने बोइंग के नए सीईओ केली ऑर्टबर्ग के साथ अंतरिक्ष एजेंसी के फैसले पर बातचीत की। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का क्रू-9 मिशन सितंबर के आखिरी में लॉन्च होगा। इसमें पहले चार अंतरिक्ष यात्री जाने वाले थे, लेकिन सिर्फ दो लोग जाएंगे और दो सीटें खाली रहेंगी। फरवरी में वापसी तक यह आईएसएस से जुड़ा रहेगा। लौटते समय सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर भी इसी में वापस आएंगे।