पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा गुरुवार को तीन दिवसीय दौरे पर बराक घाटी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार दोपहर को 1ः45 बजे सिलचर हवाई अड्डे पर उतरेंगे और सबसे पहले लखीपुर निर्वाचन क्षेत्र के शिलघाट में बराक नदी पर प्रस्तावित पुल की आधारशिला रखेंगे। पुल का निर्माण 87 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे धलाई के बरजालेंगा में मॉडल डिग्री कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। वे वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5ः45 बजे सिलचर लौटेंगे और कछार कैंसर अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे पार्टी के एजेंडे पर चर्चा के लिए शाम 6.30 बजे भाजपा कछार जिला कार्यालय में एक बैठक में भाग लेंगे। वहां से वे पूर्व केंद्रीय मंत्री कबींद्र पुरकायस्थ के आवास पर जाकर उनकी बीमारी का जायजा लेंगे। रात 8 बजे वे वहां से निकलेंगे और पुलिस गेस्ट हाउस में रात बिताएंगे। सीएम शुक्रवार को करीमगंज और हैलाकांडी जिलों का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री आज से तीन दिवसीय बराक घाटी दौरे पर