नई दिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने चंद्रयान-4 मिशन को लेकर अहम जानकारियां दी हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इसका डिजाइन तैयार कर लिया गया है। सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन पूरा हो चुका है। नजरें अब चंद्रयान-4 और चंद्रयान-5 पर टिकी हैं। खास बात यह है कि इन दोनों के डिजाइन रेडी हैं और हमें सरकार से मंजूरी मिलने का इंतजार है।  उन्होंने कहा कि हम एक और स्टेशन का निर्माण करना चाहते हैं जहां पर 5 माड्यूल होंगे। इसका पहला माड्यूल 2028 में लॉन्च होना है जिसका डिजाइन तैयार है। इसे भी मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जा चुका है। इसरो चीफ से सवाल किया गया कि पहला भारतीय कब तक चंद्रमा पर कदम रखेगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि चांद पर मानव के कदम रखने को लेकर भी हमारा मिशन जारी है। जाहिर तौर पर इसमें समय लगेगा और हमने 2040 तक का टारगेट रखा है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर धीरे-धीरे कदम बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि, इसकी प्रक्रिया अभी कुछ सालों बाद शुरू होगी। इसके लिए जिस तरह के इंवेस्टमेंट की  जरूरत होगी, उसका प्रस्ताव सरकार को सौंपा गया है।  उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल करीब 50 सैटेलाइट्स को लेकर प्लानिंग चल रही है जो अलग-अलग भूमिकाएं निभाएंगे। इनके डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं। इसरो के चंद्रयान-3 मिशन ने चांद की सतह पर उतर कर इतिहास रच दिया। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला भारत पहला देश बना। पहले तो चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग हुई, जिसके बाद प्रज्ञान रोवर उसमें से निकलेगा और चांद की सतह पर घूमने लगा। 14 जुलाई को दोपहर 2.35 बजे श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 ने उड़ान भरी थी, जिसने अपनी 40 दिनों की लंबी यात्रा सफलापूर्वक पूरी की। जानना दिलचस्प है कि चंद्रमा की सतह की ओर बढ़ रहे चंद्रयान-3 के लिए चंद्रयान-2 ने मैसेज भेजा था। इसमें कहा गया- वेलकम बडी। चंद्रयान-2 के पास उसके मैसेज डेलिवर की सूचना भी पहुंची थी। नासा और यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने भी चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो को बधाई दी थी।