नई दिल्लीः भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भविष्य में मजबूत चुनावी संभावनाओं का भरोसा जताते हुए शनिवार को पार्टी नेताओं से पार्टी की विचारधारा को देश के कोने-कोने तक ले जाने का आह्वान किया। वह भाजपा की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे जिसमें पार्टी ने एक सितंबर से अपना सदस्यता अभियान शुरू करने का फैसला किया। सूत्रों के अनुसार, शाह ने कहा कि लोगों ने बार-बार राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकारों में अपना विश्वास व्यक्त किया है तथा कांग्रेस को खारिज कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी का लक्ष्य इस अभियान में 10 करोड़ से अधिक सदस्य बनाना है जिसमें वे राज्य शामिल नहीं होंगे जहां आने वाले महीनों में चुनाव में होने हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौम को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा, और ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा शर्मा दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, लद्दाख और चंडीगढ़ में सदस्यता अभियान का काम देखेंगी। वहीं, डी पुरंदेश्वरी को केरल, पुड्डुचेरी और तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। जबकि अरविंद मेनन अंडमान और निकोबार, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तेलंगाना का काम देखेंगे। राजदीप रॉय को अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और नगालैंड का प्रभारी बनाया गया है। विजय राहतकर छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के प्रभारी होंगे। ऋ तुराज सिन्हा उत्तर प्रदेश और गुजरात के सदस्यता अभियान के प्रभारी होंगे। जबकि गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग उत्तराखंड और बिहार के प्रभारी होंगे। कम से कम आधे राज्यों में अभियान खत्म होने के बाद पार्टी को नए अध्यक्ष का चुनाव होने की उम्मीद है। शनिवार को हुई बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन से जुड़े प्रमुख नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। पात्रा ने कहा कि यह सदस्यता अभियान के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला की तरह थी। उन्होंने कहा कि संबंधित कवायद में हर जाति, धर्म और समुदाय को शामिल किया जाएगा जो सर्वसमावेशी और सर्वव्यापी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े इस अभियान के संयोजक होंगे और पार्टी उपाध्यक्ष रेखा वर्मा सह-संयोजक होंगी।
भाजपा का सदस्यता अभियान एक सितंबर से